20 जून, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जून 20, 2026 9:30 पूर्वाह्न

1. IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा वनडे मैच आज
भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी वनडे सीरीज का तीसरा मैच आज 20 जून, शनिवार को दोपहर 1.30 बजे से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम काफी बदलाव कर सकती है, क्योंकि उसने पहले ही सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। दूसरी ओर, अफगानिस्तान वनडे सीरीज के आखिरी मैच में आत्मसम्मान के लिए खेलती हुई नजर आएगी।
2. ENG vs NZ: तीसरे टेस्ट में कप्तान के तौर पर वापसी के लिए तैयार बेन स्टोक्स – रिपोर्ट्स
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले वापसी कर सकते हैं, भले ही नाइट क्लब विवाद की जांच चल रही हो, जिसकी वजह से उन्हें दूसरा टेस्ट छोड़ना पड़ा था।
बीबीसी और ब्रिटेन की प्रेस एसोसिएशन न्यूज एजेंसी, दोनों ने गुरुवार (19 जून) को रिपोर्ट दी कि स्टोक्स नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में फिर से शामिल हो सकते हैं, क्योंकि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड और स्वतंत्र क्रिकेट रेगुलेटर की जांच अब पूरी होने वाली है।
3. ‘क्या तुममें हिम्मत है? भज्जी, मैं आपको चुनौती देता हूं’ – श्रीसंत ने हरभजन सिंह को दिया बॉक्सिंग का ओपन चैलेंज
लल्लनटॉप पर बातचीत के दौरान श्रीसंत को बॉक्सिंग गियर पहने हुए उनकी और हरभजन की एक पुरानी तस्वीर दिखाई गई। उन्होंने हरभजन को सीधे चुनौती दी और कहा कि वह बॉक्सिंग रिंग में मामला सुलझाने के लिए तैयार हैं।
श्रीसंत ने कहा, “क्या तुममें हिम्मत है? क्या तुममें मेरे साथ रिंग में आने की हिम्मत है? क्या तुम साइन करके आ सकते हो? क्या तुम आ सकते हो? मैं उससे पूछ रहा हूं। क्या तुममें मेरे साथ रिंग में आने की हिम्मत है? यही ग्लव्स पहनकर… यह एक्टिंग नहीं है, मैं मुस्कुरा रहा हूं। तुम तो मुस्कुरा भी नहीं रहे हो, पता नहीं तुम क्या कर रहे हो। देखते हैं। यह एक खुला चैलेंज है।”
4. महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026: 13वें मैच में न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को 4 विकेट से हराया
यूके में जारी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का 13वां मैच न्यूजीलैंड और आयरलैंड की महिला टीमों के बीच खेला गया। बता दें इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से जीत हासिल की और टूर्नामेंट की दूसरी जीत हासिल की है। जबकि आयरलैंड को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। द रोज बाॅल, साउथंम्पटन में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 140 रन बनाए, जबाव में आयरिश टीम 136 रन ही बना पाई।
5. IPL 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा सबसे बड़ा ट्रेड, ऋषभ पंत की होगी ‘घर वापसी’
स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि पंत लखनऊ सुपर जायंट्स को छोड़कर दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापस जा सकते हैं, तो वहीं, स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा बन सकते हैं। इसको लेकर अगर टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें, ऋषभ पंत संजीव गोयनका की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को छोड़कर दिल्ली कैपिटल्स में वापस जा सकते हैं।
6. ‘विशेष बातचीत करने की जरूरत नहीं’ वर्ल्ड कप 2027 में रोहित-कोहली होंगे या नहीं? BCCI ने दिया यह जवाब
हाल में ही जब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से रोहित शर्मा और विराट कोहली के आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2026 में खेलने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा- ‘‘हमारे पास एक बहुत ही सुव्यवस्थित टीम और कई विशेषज्ञ हैं। सभी हितधारकों को साथ लेकर चला जाता है। जो भी फैसले किए जाते हैं, उनमें क्रिकेट समिति, चयनकर्ता और अन्य सभी हितधारक शामिल होते हैं। इनमें सहयोगी स्टाफ के सदस्य, मुख्य कोच और संबंधित खिलाड़ी शामिल हैं।” सैकिया ने कहा, ‘‘नियमित रूप से बातचीत हो रही है, इसलिए हमें किसी तरह से विशेष बातचीत करने की जरूरत नहीं है। यह एक सतत प्रक्रिया है।”
7. भारतीय क्रिकेट टीम में कौन लेगा हार्दिक पांड्या की जगह? भारतीय कोच ने लिया इस ऑलराउंडर का नाम
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने कहा है कि हार्दिक पांड्या के बाद तेज बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर नीतीश कुमार रेड्डी उनकी जगह लेने के लिए सबसे सही खिलाड़ी हैं। गौतम गंभीर एंड कंपनी बीते 18 महीनों से रेड्डी पर ध्यान दी रही है और टीम उन्हें अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए तैयार कर रही है। बीते कुछ समय में इसका असर भी दिखा है और गेंदबाजी में रेड्डी की रफ्तार भी बढ़ी है।
8. 32 साल की उम्र में लिया संन्यास, लेकिन अब यूएई के लिए खेलेगा ये भारतीय खिलाड़ी!
सिर्फ 32 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले पूर्व भारतीय विकेटकीपर केएस भरत अब दुबई में बस गए हैं। ये खिलाड़ी यूएई के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का मूड बना चुका है जिसके लिए उन्होंने एक बड़ा कदम उठाया है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि केएस भरत एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाले टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। उन्हें स्टैलियंस टीम में जगह मिली है और ये टूर्नामेंट 19 जून से ही शुरू हुआ है। टीम स्टैलियंस 7 मैचों की दो दिवसीय व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली चार टीमों में से एक है। इस टीम में फाल्कन्स, टीम लेपर्ड्स और टीम ईगल्स हैं। केएस भरत इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी पेश करना चाहेंगे। ये टूर्नामेंट 5 जुलाई तक चलेगा।