ICC Men’s ODI World Cup 2027: वर्ल्ड कप की तारीखों का हुआ ऐलान, इस दिन शुरू होगा टूर्नामेंट
4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच खेला जाएगा वर्ल्ड कप
अद्यतन - जून 11, 2026 7:05 अपराह्न

आईसीसी मैन्स वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तारीखों का ऐलान हो गया है। बता दें इस बार यह आगामी टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच खेला जाएगा। साल 2003 के बाद यह पहली बार होगा, जब मल्टीनेशन टूर्नामेंट की अफ्रीकी उपमहाद्वीप में वापसी होगी। साथ ही टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच साउथ अफ्रीका में ही खेले जाएंगे।
गौरतलब है कि इस शेड्यूल को मई में अहमदाबाद में हुई ICC बोर्ड मीटिंग में मंजूरी दी गई थी, और इसकी आखिरी डिटेल्स को जुलाई में एडिनबर्ग में होने वाली ICC की सालाना आम बैठक (AGM) में मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इस बीच ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट्स के अनुसार, टूर्नामेंट का ज्यादातर हिस्सा साउथ अफ्रीका में होने की संभावना है, जहां आठ वेन्यू पर 54 में से कम से कम 41 मैच खेले जाएंगे। जिम्बाब्वे में आठ से दस मैच होने की उम्मीद है, जो हरारे स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब और हाल ही में बने विक्टोरिया फॉल्स वेन्यू पर खेले जाएंगे। इसके अलावा नामीबिया में 3 मैच खेले जाएंगे।
इसके अलावा एक खास बात विक्टोरिया फॉल्स में ‘फेल मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम’ का जुड़ना है, जिसके इस साल के आखिर तक बनकर तैयार होने की उम्मीद है। मई 2027 में आधिकारिक तौर पर खुलने से पहले इस वेन्यू पर घरेलू क्रिकेट मैच खेले जाएंगे और इसके वर्ल्ड कप वेन्यू में शामिल होने की भी संभावना है।
ऑस्ट्रेलिया करेगी अपने खिताब की रक्षा
तो वहीं, टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अपने खिताब की रक्षा करती हुई नजर आएगी। आगामी वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। टीमें सात-सात के दो ग्रुप में बांटी जाएंगी और हर ग्रुप की टॉप तीन टीमें सुपर सिक्स स्टेज में पहुंचेंगी।
आईसीसी का फुल मेंबर होने के नाते साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया है, जबकि नामीबिया को सामान्य प्रक्रिया के जरिए क्वालिफाई करना होगा। बाकी टीमों का चयन आईसीसी वनडे रैंकिंग और क्वालिफायर्स मैचों के जरिए होगा।