26 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

26 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. बड़ी खबर! मौजूदा रैंकिंग के बावजूद राहुल द्रविड़ को उम्मीद है कि भारत WTC फाइनल में पहुंचेगा

हाल में ही जियोस्टार के साथ एक इंटरव्यू में राहुल द्रविड़ ने कहा ‘मुझे उम्मीद है कि वे (टीम इंडिया) ऐसा करेंगे। अगर भारत यहां से WTC फाइनल के लिए क्वालिफाई कर पाता है, तो यह एक शानदार सफर होगा। वे थोड़े पीछे जरूर रह गए हैं, लेकिन भारतीय टीम में जिस तरह की काबिलियत है, उसे किसी भी स्टेज पर कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है, तो यह एक अच्छा पहला कदम है।

2. ‘लोग मुझ पर विश्वास नहीं करते’ Duleep Trophy में ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे ईशान किशन ने दिया चौंकाने वाला बयान

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) जो इस समय जारी दलीप ट्राॅफी 2026 में ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे हैं, उन्होंने रेड बाॅल क्रिकेट में अपनी वापसी की इच्छा जाहिर की है। बेंगलुरू में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर नाॅर्थ जोन के खिलाफ पारी और 210 रनों से धमाकेदार जीत के बाद, किशन ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया।

नाॅर्थ जोन के खिलाफ जीत के बाद, ईशान किशन ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो के हवाले से कहा “बिल्कुल। जिसने भी टेस्ट मैच खेले हैं, उसे यह फाॅर्मेट जरूर पसंद आएगा। हम इसकी अहमियत जानते हैं और यह भी जानते हैं कि इससे खिलाड़ी के तौर पर बेहतर बनने में कैसे मदद मिलती है। लोग मुझ पर विश्वास नहीं करते, लेकिन मुझे सच में रेड-बॉल क्रिकेट खेलने में मजा आता है।”

3. टेस्ट क्रिकेट में Jasprit Bumrah की बादशाहत खत्म, स्टार्क बने नंबर 1 गेंदबाज

ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग जारी होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की बादशाहत खत्म हो गई है। बता दें कि अब टेस्ट क्रिकेट में नंबर 1 गेंदबाज मिचेल स्टार्क बन गए हैं, जिन्हें हाल में बांग्लादेश के खिलाफ खत्म हुए दो मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी का इनाम मिला। मैके में हुए दूसरे टेस्ट मैच में स्टार्क ने 10 विकेट हासिल किए थे।

स्टार्क ने इस प्रदर्शन के बाद दो अंकों के छलांग लगाई और 872 रेटिंग पाॅइंट के साथ पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। 862 रेटिंग पाॅइंट के साथ जसप्रीत बुमराह दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। जबकि न्यूजीलैंड के मैट हेनरी 861 पाॅइंट के साथ तीसरे पायदान पर हैं।

4. क्या एशियन गेम्स में होगा भारत vs पाकिस्तान महामुकाबला? शेड्यूल का ऐलान, जानिए पूरा समीकरण

एशियन गेम्स 2026 के लिए क्रिकेट के शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है. 2026 एशियान गेम्स की मेजबानी जापान करेगा और क्रिकेट के सभी मैच एक ही वेन्यू, कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाने वाले हैं। दरअसल, शुरुआती दौर में 6 टीमें दो ग्रुप में बंटी हैं। ग्रुप A में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं, जबकि ग्रुप B में हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। दोनों ग्रुप से टॉप पर रहने वाली 2 टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।  इस फॉर्मेट के कारण भारत और पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेल सकते। दोनों के बीच महामुकाबाल उसी स्थिति में संभव होगा, जब दोनों टीमें या तो सेमीफाइनल में पहुंचे या फाइनल तक पहुंचें।

5. IND vs SL: पिता भी रह गए हैरान, बेटे शुभमन गिल ने लपका मैच का सबसे शानदार कैच

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कामिंदु मेंडिस का कैच लपककर धमाका कर दिया। सोशल मीडिया पर गिल के इस कैच को लेकर बात हो रही है। गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर स्क्वेयर लेग पर एक करिश्माई कैच लपका, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है। दरअसल, लगातार आक्रामक शॉट खेलकर भारतीय खेमे में खलबली मचाने वाले कामिंदु मेंडिस को कृष्णा ने शॉर्ट पिच गेंद पर फंसाया, श्रीलंकाई बैटर ने शॉर्ट पिच गेंद को पुल करने की कोशिश की, गेंद पर शॉट मारने की कोशिश में टाइमिंग खराब कर बैठे, गेंद बल्ले के काफी ऊपर लगी और हवा में स्क्वेयर लेग की ओर गई। ऐसे में गिल ने पीछे की तरफ भाग कर डाइव किया और कमाल का कैच पकड़कर मेंडिस की पारी का अंत कर दिया। बता दें जब गिल यह मैच ले रहे थे तो दर्शक दीर्घा में उनके पिता लखविंदर सिंह गिल भी मौजूद थे. ऐसे में अपने बेटे के इस करिश्माई कैच को देखकर उनका दिल जरूर गर्व महसूस कर रहा होगा।

6. WTC Points Table Update: टीम इंडिया की जीत से इंग्लैंड को भी होगा फायदा, लेकिन 2 टीमों को होगा नुकसान

भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे कोलंबो टेस्ट के परिणाम का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर बड़ा फर्क पड़ने वाला है। टीम इंडिया अगर इस मुकाबले को जीत लेती है, तो न सिर्फ टीम इंडिया को बल्कि इंग्लैंड को भी फायदा होगा, जबकि बांग्लादेश और श्रीलंका को नुकसान उठाना पड़ेगा। भारतीय टीम फिलहाल WTC 2025-27 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसकी जीत प्रतिशत 53.33 है। वहीं, बांग्लादेश 55.56 जीत प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है। श्रीलंका की टीम का जीत प्रतिशत 33.33 है और वह छठे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड का जीत प्रतिशत 29.76 है और वह सातवें स्थान पर है।

7. Duleep Trophy 2026: डिफेंडिंग चैंपियंस से होगा ईशान किशन-वैभव सूर्यवंशी की टीम का अगला मुकाबला

दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन का सामना सेंट्रल जोन से होगा। ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन होंगे, तो वहीं सेंट्रल जोन की कप्तानी रजत पाटीदार करेंगे। इसके अलावा सेंट्रल जोन की टीम में सारांश जैन, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे और जीशान अंसारी जैसे स्टार खिलाड़ी होंगे, तो वहीं ईस्ट जोन की टीम में मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे खिलाड़ी होंगे। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को एकतरफा मुकाबले में हराया था, तो वहीं सेंट्रल जोन ने पिछले साल फाइनल में जगह बनाई थी, जिसकी वजह से उन्हें सीधे सेमीफाइनल में एंट्री मिली है। सेंट्रल जोन ने खिताबी मुकाबले में साउथ जोन का हराकर खिताब भी अपने नाम कर लिया था।

8. 34 की उम्र में ही लिया पाकिस्तानी खिलाड़ी ने संन्यास, 10 साल के इंटरनेशनल करियर का अंत

पाकिस्तान की तेज गेंदबाज एमन अनवर ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 34 साल की उम्र में इस खिलाड़ी ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। एमन अनवर ने पाकिस्तान के लिए 2016 में डेब्यू किया था, उन्होंने 8 वनडे और 37 टी20 मैच खेले, जिसमें उनके नाम कुल 33 इंटरनेशनल विकेट हैं। अनवर ने पाकिस्तान के लिए चार वर्ल्ड कप खेले हैं। एमन ने दो टी20 और दो वनडे वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की थी।

close whatsapp