30 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

30 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बना दिया ये रिकाॅर्ड

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में दलीप ट्रॉफी में एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने बेंगलुरु में सेंट्रल जोन के खिलाफ खेले जा रहे सेमीफाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन की कप्तानी संभाली।

वैभव को टूर्नामेंट से पहले टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन नियमित कप्तान ईशान किशन के चोटिल होने के बाद उन्हें अचानक बड़ी जिम्मेदारी मिल गई। सेंट्रल जोन की पहली पारी के 19वें ओवर के दौरान ईशान किशन को विकेटकीपिंग करते समय दाएं हाथ की कलाई पर जोरदार चोट लगी। टीम के फिजियो ने मैदान पर उनका इलाज किया, लेकिन चोट ज्यादा होने के कारण ईशान को मैदान छोड़ना पड़ा।

बाद में उन्हें मैदान के बाहर कलाई पर पट्टी बंधी हुई हालत में देखा गया। ईशान के मैदान से बाहर जाने के बाद कुमार कुशाग्र ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, टीम की कप्तानी युवा वैभव सूर्यवंशी को सौंप दी गई।

2. UP T20 League: धोनी के नक्शेकदम पर चले युवा प्रशांत वीर, मैदान पर लगाया करिश्माई ‘हेलिकॉप्टर शॉट’

29 अगस्त, रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाड़ी और नोएडा सुपर किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर ने कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में कानपुर सुपरस्टार्ज के खिलाफ यूपीटी20 लीग मैच के दौरान एमएस धोनी का मशहूर ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ शानदार ढंग से खेलकर क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया।

यह रोमांचक मोमेंट नोएडा की पारी के 10वें ओवर की पहली गेंद पर देखने को मिला। तेज गेंदबाज अजय कुमार की मिड-स्टंप पर आई लेंथ बॉल का सामना करते हुए, बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने अपनी कलाइयों का जबरदस्त इस्तेमाल किया और गेंद को डीप मिड-विकेट के ऊपर से एक जबरदस्त छक्के के लिए भेज दिया, जिससे धोनी के अपने बेहतरीन दौर की याद ताजा हो गई।

3. Duleep Trophy सेमीफाइनल 2 में इन 3 खिलाड़ियों पर रहेंगी फैंस की नजर, साबित हो सकते हैं बडे़ मैच विनर

दलीप ट्रॉफी 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जा रहा है। दोनों टीमों में कई प्रतिभाशाली और बड़े घरेलू खिलाड़ी मौजूद हैं, ऐसे में फाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

नॉर्थ जोन ने क्वार्टर फाइनल में वेस्ट जोन को 52 रनों से हराकर शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि साउथ जोन पिछले सीजन की फाइनलिस्ट टीम रही है। ऐसे में इस मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी। आइए जानें इस सेमीफाइनल मुकाबले के उन 3 खिलाड़ियों के बारे में जो साबित हो सकते हैं बड़े मैच विनर: 3. अंशुल कंबोज, 2. स्मरण रविचंद्रन, 1. आबिद मुश्ताक

4. रोहित शर्मा और विराट कोहली अगली बार भारत के लिए कब खेलेंगे? यहां जानें

भारतीय क्रिकेट टीम के दो पूर्व कप्तान व अनुभवी विराट कोहली व रोहित शर्मा, अब भारत के लिए सिर्फ वनडे फाॅर्मेट में ही खेलते हुए नजर आते हैं। दोनों ने एक साथ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद, टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। जबकि टेस्ट से पहले विराट और उसके एक हफ्ते के भीतर रोहित ने भी रिटायरमेंट ले लिया।

बता दें कि अब रोहित शर्मा और विराट कोहली वेस्टइंडीज के भारत दौरे पर होने वाली वनडे सीरीज में एक्शन में नजर आ सकते हैं। वेस्टइंडीज के भारत दौरे की शुरूआत तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी, जबकि इसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत होगी। वनडे सीरीज का पहला मैच 27 सितंबर, रविवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में रोहित और विराट एक साथ खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

5. क्या भारतीय महिला टीम महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान की टीम से हाथ मिलाएगी? जानें हेड कोच का जवाब

महिला एशिया कप के लिए स्टेज सज चुकी है और इस समय 8 देशों के बीच खेले जा रहे मल्टीनेशन टूर्नामेंट की 28 अगस्त से यूएई में एक धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। क्रिकेट फैंस को ग्रुप ए में शामिल भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले का इंतजार है। बता दें दोनों टीमों के बीच 5 सितंबर को मैच नंबर 9, दुबई के मैदान पर खेला जाएगा। इस बीच हर क्रिकेट फैन के मन में बस एक ही सवाल होगा कि क्या भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाएगी?

बता दें इस मामले को लेकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने थाइलैंड के खिलाफ मैच से पहले आयोजित हुई प्री मैच काॅन्फ्रेंस में कहा- “देखिए, हम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं और मैदान के बाहर की बातों पर ध्यान नहीं देते। हम उस दिन अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने की कोशिश करते हैं और जब हम वह मैच खेलेंगे, तब इस बारे में बात करेंगे। लेकिन, अभी हमारा पूरा ध्यान कल के मैच पर है। एक बार में एक ही मैच पर ध्यान दे रहे हैं।”

6. ‘उसमें लारा और तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी बनने की काबिलियत’, Harry Brook के लिए आखिर किसने की ऐसी भविष्यवाणी

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जेफ्री बॉयकॉट (Geoffrey boycott) ने हाल में ही इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक (Harry Brook) को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने बताया है कि इस खिलाड़ी के भीतर सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा जैसे बल्लेबाज बनने की काबिलियत है। इसके अलावा बॉयकॉट ने ये भी बताया कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में उनकी एकाग्रता को बेहतर बनाने में मदद करने का ऑफर दिया था, जिसको ब्रूक ने ठुकरा दिया। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बॉयकॉट ने ये बात कही।

7. क्या टेस्ट में नो-बॉल पर दिया जाए फ्री-हिट? जानें सुनील गावस्कर के विचार

हाल ही में देखने में आया है कि टेस्ट क्रिकेट में नो-बॉल की संख्या खासी तेजी से बढ़ी है। तो वहीं, हाल में ही पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने एक मैगजीन में लिखे अपने काॅलम में लिखा ‘इस समस्या से निपटने का सबसे व्यावहारिक तरीका यह है कि प्रत्येक नो-बॉल पर गेंदबाज पर जुर्माना लगाया जाए। इतना ही नहीं हर नो-बॉल के लिए गेंदबाजी कोच पर भी जुर्माना होना चाहिए। जब बात जेब पर आएगी, तो गेंदबाज क्रीज के पीछे से गेंदबाजी करना सीख जाएंगे और गेंदबाजी कोच भी नेट सत्रों में इस पर अधिक ध्यान देना शुरू कर देंगे।’

8. श्रीलंका को ICC ने दिया तगड़ा झटका, छीनी चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी

भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट को ड्रॉ कराने की खुशी के कुछ ही दिनों बाद श्रीलंका क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है, वो एक बड़े प्रशासनिक और खेल संकट में फंस गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कड़ा कदम उठाते हुए श्रीलंका से 14 से 28 फरवरी 2027 तक होने वाली ऐतिहासिक पहली विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के अधिकार छीन लिए हैं। बोर्ड में सरकारी हस्तक्षेप और समय पर चुनाव न कराने के चलते यह कार्रवाई की गई है, जिससे श्रीलंका को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

9. “पूर्व प्रधानमंत्री के नाते उन्हें इलाज मिलना चाहिए”: पूर्व पाक क्रिकेटर मोईन खान ने खिलाड़ियों से की समर्थन में बोलने की अपील

पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मोईन खान ने दुनिया भर के क्रिकेट समुदाय से भावुक अपील की है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा है कि वे पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान इमरान खान के सही इलाज के लिए आवाज उठाएं।

एक भावुक वीडियो संदेश में, मोइन ने 73 वर्षीय क्रिकेट दिग्गज की बिगड़ती सेहत पर गहरी चिंता जताई। ये दिग्गज अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के आरोपों में रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। इमरान खान के एक मशहूर स्पोर्ट्स लेजेंड और देश के पूर्व प्रमुख होने का जिक्र करते हुए, मोइन ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवा पाना एक बुनियादी अधिकार है।

close whatsapp