T20 World Cup इतिहास की 5 बड़ी जीतें जिसके बारे में आपको पता होना चाहिए
1 जून से शुरू हो चुका है टी20 वर्ल्ड कप 2024
अद्यतन - Jun 2, 2024 3:08 pm

आईसीसी मैन्स टी20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत हो चुकी है। सभी टीमों के बीच कुछ रोमांचक मैचों के लिए फैंस ने कमर कस ली है। गौरतलब है कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप वेस्टइंडीज और यूएसए की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में शामिल सभी 20 टीमों के बीच 9 अलग-अलग स्थानों पर कुल 56 मैच खेले जाएंगे।
साथ ही टूर्नामेंट के शुरू होने के साथ ही, टीमों के बीच हार-जीत का भी सिलसिला शुरू हो जाएगा। कुछ टीमें विकटों से तो कुछ टीमें रनों के हिसाब से जीतती हुई नजर आएंगी। तो वहीं आज इस आर्टिकल में हम आपको टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की रनों के हिसाब से दर्ज की गई 5 बड़ी जीतों के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए आपको इस बारे में जानकारी देते हैं:
1. श्रीलंका की केन्या के खिलाफ 172 रनों की जीत
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप का पहला सीजन साल 2007 में खेला गया था। तो वहीं इस सीजन ग्रुप सी में 8वां मैच श्रीलंका और केन्या के बीच खेला गया था। इस मैच में श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत हासिल की थी।
मैच के बारे में आपको जानकारी दें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने सनथ जयसूर्या के 88 और महेला जयवर्धने के 65 रनों की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर कुल 260 रन बनाए थे। तो वहीं जब केन्या इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो वह मात्र 88 रनों पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था।
2. स्काॅटलैंड की साउथ अफ्रीका के खिलाफ 130 रनों की हार
टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सीजन साल 2009 में खेला गया था। तो वहीं इस सीजन में साउथ अफ्रीका ने स्काॅटलैंड के खिलाफ ग्रुप डी के मैच नंबर 5 में 130 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी। यह जीत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के हिसाब से दर्ज की गई अभी तक की दूसरी बड़ी जीत है।
मैच के बारे में बताएं तो पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए थे। तो वहीं जब स्काॅटलैंड इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो वह 15.4 ओवर में मात्र 81 रनों पर सिमट गई थी।
3. स्काॅटलैंड की अफगानिस्तान के खिलाफ 130 रनों की हार
साल 2021 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर से स्काॅटलैंड को दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इस बार साउथ अफ्रीका की जगह ये कारनामा अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने कर दिखाया था। अफगान टीम ने शानदार गेंदबाजी के दम पर स्काॅटलैंड के खिलाफ 130 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी।
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में, मुजीब उर रहमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। मुजीब के अलावा राशिद खान को 4 विकेट मिले थे।
4. इंग्लैंड की अफगानिस्तान के खिलाफ 116 रनों से जीत
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का चौथा सीजन साल 2012 में श्रीलंका में खेला गया था। तो वहीं इस सीजन इंग्लैंड ने ग्रुप ए के मैच नंबर 6 में अफगानिस्तान के खिलाफ 116 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी। मैन्स टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह रनों के हिसाब से दर्ज की गई, चौथी बड़ी जीत है।
मुकाबले के बारे में बात करें तो आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 196 रन बनाए थे। इंग्लिश टीम के लिए लुक राईट ने 55 गेंदों में 99* रनों की मैच विनिंग नाबाद पारी खेली थी। इंग्लैंड से मिले 197 रनों के जबाव में अफगान टीम 17.2 ओवर में मात्र 80 रनों पर सिमट गई थी।
5. साउथ अफ्रीका की बांग्लादेश के खिलाफ 104 रनों से जीत
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के गत सीजन में साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ 104 रनों से जीत हासिल की थी। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए थे।
तो वहीं जब बांग्लादेश टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 16.3 ओवर में मात्र 101 रनों पर ही सिमट गई। साउथ अफ्रीका के लिए मुकाबले में राइली रूसो ने 109 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड भी दिया गया था।