9 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

9 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. वनडे में लौटेगी ट्राई-सीरीज! ECB चीफ रिचर्ड गोल्ड ने दिया बड़ा अपडेट

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के प्रमुख रिचर्ड गोल्ड ने वनडे क्रिकेट को लेकर बड़ी जानकारी दी है। गोल्ड के अनुसार, अगले 12 से 18 महीनों के दौरान वनडे ट्राई-सीरीज आयोजित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। अगर ऐसा होता है, तो लंबे समय बाद तीन टीमों वाली वनडे सीरीज को फिर से बढ़ावा मिल सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल ने 50 ओवर के क्रिकेट को और रोमांचक बनाने के लिए ट्राई-सीरीज और क्वाड्रेंगुलर सीरीज की वापसी की बात कही थी।

2. SL vs IND: 75 मिनट के लम्बे सेशन के साथ नेट्स में लौटे शुभमन गिल, लेकिन गॉल टेस्ट से पहले फिटनेस पर संशय बरकरार

रविवार, 9 अगस्त को श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर खेले जा रहे वॉर्म-अप मैच के तीसरे और आखिरी दिन, भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने नेट्स में वापसी की। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर बारीकी से नजर रखे हुए है।

वॉर्म-अप मैच से पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान गिल की दाहिने हाथ की उंगली (ring finger) में चोट लग गई थी। एहतियात के तौर पर, वह प्रैक्टिस मैच के शुरुआती दो दिनों में नहीं खेले और उनकी जगह केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली।

3. सचिन तेंदुलकर नहीं, ब्रेट ली की नजर में यह खिलाड़ी है क्रिकेट का असली GOAT

‘बीयरबाइसेप्स’ पॉडकास्ट पर बात करते हुए, ली ने भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर को खेल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माना, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज जैक्स कैलिस को सबसे बेहतरीन ऑल-राउंड क्रिकेटर का दर्जा दिया।

ली ने कहा, “मैंने हमेशा कहा है कि मुझे लगता है कि सचिन तेंदुलकर इस खेल के अब तक के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। लेकिन सबसे बेहतरीन क्रिकेटर जैक्स कैलिस हैं। उनके आंकड़े दुनिया में सबसे अच्छे हैं। अगर आप उनके आंकड़े देखें, तो वे कभी झूठ नहीं बोलते। वे कमाल के खिलाड़ी हैं।”

4. तेज गेंदबाजों का ग्रुप होना और एनर्जी बचाकर रखना बहुत जरूरी है: जवागल श्रीनाथ

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने तेज गेंदबाजों के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर अहम बात कही है। उनका मानना है कि किसी भी टीम के लिए एक मजबूत तेज गेंदबाजी ग्रुप होना बहुत जरूरी है। अगर टीम के पास तीन या चार अच्छे तेज गेंदबाज हों, तो सभी पर ज्यादा दबाव नहीं आता और गेंदबाज लंबे समय तक फिट रह सकते हैं।

श्रीनाथ ने अपने करियर का उदाहरण देते हुए कहा कि तेज गेंदबाजी कभी भी सिर्फ एक गेंदबाज के भरोसे नहीं होनी चाहिए। अगर कोई गेंदबाज लगातार 16-17 ओवर करने के लिए मजबूर होता है, तो वह धीरे-धीरे अपना असर खो सकता है। इसके अलावा थकान बढ़ने से चोट का खतरा भी बढ़ जाता है।

5. ODI WC 2027: ‘घर पर खेलने का दबाव नहीं होता’ – घरेलू सरजमीं पर खिताब जीतने को तैयार हैं कगिसो रबाडा

हाल ही में जोहान्सबर्ग में क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के वेन्यू और ब्रांड की घोषणा के लिए हुए आधिकारिक कार्यक्रम में रबाडा ने आईसीसी से कहा, “मुझे लगता है कि हमारे यहां इसकी मेजबानी करने की वजह से इसमें और भी बहुत कुछ शामिल है।”

उन्होंने आगे कहा, “यह एक तरह से आजादी जैसा भी है। मुझे घर पर खेलने और जीतने के दबाव का एहसास नहीं होता। ऐसा लगता है जैसे हम घर पर हैं और अपने इस फोर्ट्रेस को डिफेंड करने जा रहे हैं। और मेरे लिए इसका यही मतलब है। यह उस बैज का प्रतिनिधित्व करने के बारे में है।”

6. SL vs IND: श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दीप दासगुप्ता ने चुनी भारतीय टीम, रणजी में 30 विकेट लेने वाले गेंदबाज को नहीं दी जगह

दीप

दासगुप्ता ने अपनी पसंदीदा प्लेइंग XI में तीन स्पिनरों को शामिल करने की वकालत की है और स्पिन अटैक के लिए रवींद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के नामों का सुझाव दिया है। गाले का मैदान स्पिन बॉलिंग में मदद करने वाली पिच के लिए जाना जाता है और ऐसा लगता है कि इसी वजह से उन्होंने यह रणनीति अपनाई है। लेकिन, उन्होंने रणजी ट्राॅफी के पिछले सीजन में 30 विकेट लेने वाले 33 वर्षीय सारांश जैन को शामिल नहीं किया है।

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दीप दासगुप्ता द्वारा चुनी हुई भारतीय टीम

यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज

7. “अगर मैं मैच रेफरी होता, तो गांगुली को बैन कर देता” – 2001 ईडन गार्डन्स टॉस विवाद पर जवागल श्रीनाथ

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने हाल ही में भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित पलों में से एक के बारे में दिलचस्प बातें बताईं। ईडन गार्डन्स के यादगार टेस्ट मैच के दौरान, भारतीय कप्तान सौरव गांगुली टॉस के लिए देर से पहुंचे थे। इसे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की चाल के तौर पर देखा गया था।

इस घटना को याद करते हुए श्रीनाथ ने माना कि अगर वे उस समय मैच रेफरी होते, तो वे सख्त कार्रवाई करते और उन्हें बैन कर देते। ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ के अनुसार, श्रीनाथ ने कहा, “मैं सौरव पर कुछ मैचों के लिए बैन लगा देता।”

8. World Cup 2027 के लिए पाकिस्तानी टीम में पूर्व कप्तान ने इन 3 खिलाड़ियों को बताया सबसे बड़ा दावेदार

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व सलामी बल्लेबाज सलमान बट ने उन तीन खिलाड़ियों को चयन किया है, जो आगामी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के टाॅप ऑर्डर को संभाल सकते हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज फखर जमां का नाम नहीं लिया है।

हाल में ही पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बैटिंग विद विमल शो में नजर आए। इस दौरान सलमान बट ने कहा ‘अब्दुल्ला शफीक, सैम अयूब और इमाम-उल-हक ऐसे बल्लेबाज हैं जिनमें शतक लगाने की काबिलियत है। 2027 के वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए इन तीनों को नेशनल वनडे टीम में शामिल किया जाना चाहिए।’

9. एक नहीं बल्कि इतने भारतीय खिलाड़ी है चोटिल, लिस्ट में बड़े नाम देखकर चौंक जाएंगे आप

चोटिल भारतीय खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट:

  • हर्षित राणा – हैमस्ट्रिंग
  • हार्दिक पांड्या – क्वाड्रिसेप्स में चोट/खिंचाव
  • जसप्रीत बुमराह – घुटने में सूजन
  • नीतीश रेड्डी – हैमस्ट्रिंग
  • वॉशिंगटन सुंदर – क्वाड्रिसेप्स
  • आकाश दीप – पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर
  • साई सुदर्शन – पैर की उंगली में स्ट्रेस फ्रैक्चर
  • शुभमन गिल – दाहिने हाथ की अनामिका (रिंग फिंगर) में चोट
  • वरुण चक्रवर्ती – हैमस्ट्रिंग टियर

10. “विराट कोहली ने मुझे स्पॉन्सर किया…” CWG 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली साक्षी चौधरी का बड़ा खुलासा

भारतीय बॉक्सर साक्षी चौधरी ने ग्लासगो में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 51 किलोग्राम फ्लाईवेट कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर देश के स्पोर्ट्स इतिहास में एक और शानदार चैप्टर जोड़ा। जीत के बाद, साक्षी ने अपने सफर की प्रेरणादायक कहानी साझा की और उन लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके करियर में उनका साथ दिया। जहां ओलंपिक मेडलिस्ट विजेंद्र सिंह बॉक्सिंग ग्लव्स पहनने के लिए उनकी शुरुआती प्रेरणा बने, वहीं उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने उनके टॉप पर पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।

घर लौटने के बाद मीडिया से बात करते हुए, साक्षी ने अपनी पूरी जर्नी के दौरान कोहली से मिले जबरदस्त समर्थन के लिए उनकी तारीफ की। उन्होंने क्रिकेट के अलावा दूसरे खेलों के खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए भी भारत के पूर्व कप्तान का शुक्रिया अदा किया।

close whatsapp