वेंकटेश अय्यर को IPL 2022 सीजन के लिए रिटेन करने का फैसला कर सकती है कोलकाता – वीरेंद्र सहवाग
वेंकटेश अय्यर ने यूएई में खेले गए IPL 2021 सीजन के दूसरे फेज में अपने प्रदर्शन से सभी को काफी प्रभावित किया है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Oct 14, 2021 4:21 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के सीजन का पहला हाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बेहद खराब बीता था। जिसके यूएई में हुए दूसरे फेज की शुरुआत से पहले किसी ने भी यह उम्मीद नहीं जताई थी कि टीम सीजन के फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लेगी। लेकिन वेंकटेश अय्यर को ओपनिंग की जिम्मेदारी देने का फैसला कोलकाता के भाग्य को पलटने वाला साबित हुआ और उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
वेंकटेश अय्यर ने IPL 2021 सीजन के पहले हाफ में एक भी मैच नहीं खेला था। लेकिन जैसे ही उन्हें दूसरे हाफ में मौका मिला उन्होंने इसे दोनों हाथों से लपकते हुए पूरी तरह से भुनाया है। वेंकटेश ने टीम को अधिकतर मैचों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर शानदार शुरुआत दी जिससे कई मैच में कोलकाता ने एकतरफा जीत दर्ज की है। अपने इस बल्लेबाजी के चलते क्रिकेट जगत में वेंकटेश ने काफी तारीफ भी बटोरी है।
सीजन के दूसरे क्वालिफायर मैच में कोलकाता की भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स टीम के साथ थी, इस मैच में टीम को जब 136 रनों का लक्ष्य मिला तो वेंकटेश ने ओपनिंग में 55 रनों की पारी खेलते हुए टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। वहीं इस प्रदर्शन के चलते आईपीएल के बाद होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर उन्हें भारतीय टीम के साथ रुकने के लिए कहा गया है।
इसमें संदेह नहीं कि वेंकटेश अय्यर इस सीजन की खोज हैं
अय्यर की प्रतिभा को लेकर पूर्व भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी उनकी तारीफ की है। सहवाग के अनुसार अय्यर की वजह से ही केकेआर की टीम इस सीजन के फाइनल तक पहुंचने में कामयाब हो पाई है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि फ्रेंचाइजी अगले आईपीएल सीजन के लिए वेंकटेश को रिटेन करने का फैसला कर सकती है।
वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज्ज के साथ बातचीत के दौरान कहा कि, इसमें किसी तरह का संदेह नहीं है कि वेंकटेश अय्यर इस सीजन की सबसे बड़ी खोज में से एक हैं। अय्यर की वजह से ही केकेआर की टीम इस सीजन वापसी करने में सफल हो सकी और फाइनल में पहुंची। उनके इसी प्रदर्शन को देखने के बाद भारतीय टीम मैनेजमैंट और चयनकर्ताओं ने उन्हें यूएई में रुकने का आदेश भारतीय टीम के साथ दिया है। यदि कोई चोटिल होता है या हार्दिक पांड्या को लेकर कोी समस्या आती है तो अय्यर को उनकी जगह पर शामिल किया जा सकता है। मुझे लगता है कि अय्यर को फ्रेंचाइजी अगले सीजन के लिए रिटेन करने का फैसला कर सकती है।