तमीम इकबाल ने दिया बांग्लादेश को बड़ा झटका, टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खेलने पर संशय
तमीम इकबाल पिछले काफी से टी-20 फॉर्मेट से लगातार दूरी बनाते हुए दिखाई दिए हैं।
अद्यतन - जनवरी 28, 2022 12:35 अपराह्न

बांग्लादेश क्रिकेट टीम को लग सकता है एक बड़ा झटका क्योंकि उनके दिग्गज खिलाड़ी तमीम इकबाल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी को लेकर नकारात्मक संकेत दिए हैं।
तमीम इकबाल पिछले कुछ साल से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। यहां तक कि उन्होंने पिछले साल के टी-20 विश्व कप 2021 से भी अपना नाम वापस ले लिया था ताकि युवा खिलाड़ियों को मौक मिल सके।
अब बांग्लादेश के अनुभवी सलामी बल्लेबाज की तरफ से बयान आया है कि वह अपना वनडे और टेस्ट करियर को लंबा खींचने और युवाओं को मौका देने के लिए अगले छह महीने तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हैं। तमीम इकबाल के इस बयान से साफ जाहिर होता है कि उनका ऑस्ट्रेलिया में इस साल के आखिर में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से भी बाहर रहना तय है।
बांग्लादेश को तमीम इकबाल ने दिया झटका
हालांकि, तमीम इकबाल ने अपने फैसले में वापसी की संभावना के लिए जगह रखी है। उन्होंने कहा अगर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) उनसे आग्रह करता है या फिर टीम को उनकी जरुरत पड़ी तो वह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकते हैं।
तमीम इकबाल ने प्रेस से कहा, “मेरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर चर्चा हो रही है। पिछले कुछ दिनों से मैं BCB अध्यक्ष (नजमुल हसन) और जलाल (यूनुस) भाई और काजी इनाम (अहमद) के साथ बैठक कर रहा हूं। वे चाहते थे कि मैं वर्ल्ड कप (इस साल) तक टी-20 खेलना जारी रखूं। मेरी अलग तरह की सोच थी। मैं अगले 6 महीनों के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने पर विचार नहीं करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा पूरा ध्यान टेस्ट और वनडे पर होगा। हम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और 2023 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने की तैयारी कर रहे हैं। मैं अगले छह महीनों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय के बारे में नहीं सोचूंगा। मुझे उम्मीद है कि बाकी खिलाड़ी इतना अच्छा करेंगे कि टीम को टी-20 में मेरी जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन ईश्वर ना करे कि टीम या क्रिकेट बोर्ड को मेरी जरूरत हो, तो मैं तैयार हूं, फिर इस बारे में सोचूंगा।”