वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में साफ हुआ आखिर कौन करेगा कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग
कोरोना संक्रमण के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पास सलामी बल्लेबाजों के लिए सिर्फ एक ही विकल्प बचा है।
अद्यतन - फरवरी 5, 2022 7:07 अपराह्न

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 6 फरवरी से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस एकदिवसीय सीरीज के साथ रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के सीमित ओवरों के पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपनी यात्रा शुरू करेंगे।
पहले ऐतिहासिक वनडे मुकाबले से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम इंडिया में खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद उत्पन्न परस्थितियों पर बात की, और साथ ही युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को लेकर बड़ा बयान दिया है।
आपको बता दें, भारत के सलामी विकल्प शिखर धवन और ऋतुराज गायकवाड़ कोरोना (COVID-19) संक्रमित हैं, वहीं मौजूदा दूसरे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल अभी भी क्वारंटाइन में हैं। वहीं टीम इंडिया के उप-कप्तान केएल राहुल अपनी बहन की शादी में व्यस्त हैं, इसलिए उन्हें पहले वनडे के लिए आराम दिया गया हैं, और दूसरे वनडे मैच से उनके लौटने की उम्मीद की जा रही हैं। इन परस्थितियों ने भारतीय क्रिकेट टीम को नए विकल्प पर विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।
रोहित शर्मा-ईशान किशन करेंगे पारी की शुरुआत
हालांकि, रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात पर मुहर लगा दी है कि ईशान किशन उनके साथ पहले वनडे में पारी की शुरुआत करेंगे क्योंकि सिर्फ वही एकमात्र विकल्प टीम के पास उपलब्ध हैं।
कप्तान ने कहा मयंक अग्रवाल टीम का हिस्सा हैं, लेकिन नियमों के अनुसार यात्रा करने के बाद हर खिलाड़ी को कम से कम तीन दिन तक क्वारंटाइन में रहना जरूरी है इसलिए वह देरी से टीम के साथ जुड़ेंगे। रोहित शर्मा ने यह भी बताया कि अगर कोई खिलाड़ी आज के अभ्यास सत्र में चोटिल नहीं होता है तो भारतीय टीम के पास वेस्टइंडीज को टक्कर देने के लिए एक संतुलित टीम है।
पहले वनडे के लिए क्या हो सकती है भारत की प्लेइंग-XI
चूंकि रोहित शर्मा ने पुष्टि कर दी हैं की ईशान किशन उनके साथ पारी की शुरुआत करेंगे, विराट कोहली के तीसरे और सूर्यकुमार यादव के चौथे नंबर पर खेलने के पूरे-पूरे आसार हैं। पांचवें नंबर पर ऋषभ पंत और छठें नंबर पर वाशिंगटन सुंदर या दीपक हुड्डा को मौका दिया जा सकता है। अब बात आती है सातवें और आठवें नंबर की तो शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर को मौका दिया जा सकता हैं। इसके बाद युजवेन्द्र चहल, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को बतौर गेंदबाज खिलाया जा सकता है।