क्या टीम इंडिया बदलेगी वनडे खेलने का तरीका? रोहित शर्मा ने दिया ये जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या टीम इंडिया बदलेगी वनडे खेलने का तरीका? रोहित शर्मा ने दिया ये जवाब

विराट कोहली के अंतर्गत भारत जिस टेम्पलेट को अपनाता था, उसे बदलने की रोहित ने संभावनाएं खत्‍म कर दी है।

Rohit Sharma and Virat Kohli
Rohit Sharma and Virat Kohli. (Photo Source: BCCI)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे मुकाबला 6 फरवरी को अहमदाबाद में खेला जाएगा। उससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम इंडिया की तैयारियों से लेकर रणनीति हर मुद्दे पर बातचीत की। रोहित शर्मा अब भारतीय वनडे टीम के फुल टाइम कप्तान हैं और अब एक नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरज से पहले, रोहित ने स्पष्ट किया कि 50 ओवरों के प्रारूप के कप्तान के रूप में, वह पूरे दिल से कोहली के एकदिवसीय टेम्पलेट को आगे ले जाएंगे और एक अलग ब्रांड का क्रिकेट खेलेंगे। विराट आगामी सफेद गेंद की सीरीज में घरेलू टीम का हिस्सा होंगे और सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर होगी जहां पूर्व कप्तान अपना 71 वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने के लिए उत्सुक होंगे।

हम चीजों को मुश्किल नहीं बनाना चाहते हैं: रोहित शर्मा

वहीं टेम्पलेट के बारे में बात करते हुए रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “हमें ज्‍यादा बदलाव की जरूरत नहीं है। कुछ मौकों पर ऐसी स्थिति आएगी जहां हमें अपना गेम बदलना होगा। विभिन्‍न समय पर अलग-अलग चीजें करना जरूरत के मुताबिक होता है और इस बारे में हम बात कर चुके हैं। ऐसा नहीं है कि मैं आया हूं तो चीजें पूरी तरह बदल दूं। मैं खिलाड़‍ियों को स्‍पष्‍टता दूंगा कि उनसे क्‍या उम्‍मीद की जा रही है।”

इस विषय पर जब जोर दिया गया तो रोहित ने पिछले कुछ सालों में भारत के वनडे में जीत प्रतिशत की याद दिलाई। आंकड़ों से साफ पता चल रहा है कि भारतीय टीम कितनी शानदार है। हिटमैन ने कहा कि, “अगर मैं गलत नहीं हूं तो हमारा वनडे में जीत प्रतिशत 70 के आसपास का है। हमने व्‍यक्तिगत रूप से खिलाड़‍ियों से बात करने की कोशिश की, जिसे करने की जरूरत है।

ऐसा नहीं आप आएं और अन्‍य टीमों की नकल करें। हमारा तरीका अलग है। हम एक तरह खेलते हैं। मैं सोच में बदलाव के लिए खुला हूं और इस बारे में लोगों से बात कर चुका हूं। मगर हम बहुत चीजें नहीं बदल सकते हैं। हम चीजों को जटिल नहीं करना चाहते हैं। हमने शानदार क्रिकेट खेली है। कुछ ऐसे क्षण होते हैं जिन्हें हमें भुनाने की जरुरत होती है।”

close whatsapp