महिला वर्ल्ड कप से पहले अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी करने पर बेहद खुश नजर आईं स्मृति मंधाना और कही यह बात - क्रिकट्रैकर हिंदी

महिला वर्ल्ड कप से पहले अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी करने पर बेहद खुश नजर आईं स्मृति मंधाना और कही यह बात

न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मुकाबले में स्मृति मंधाना का वही पुराना फॉर्म एकबार फिर से देखने को मिला।

Smriti Mandhana
Smriti Mandhana. (Photo by WILLIAM WEST/AFP via Getty Images)

भारतीय महिला टीम और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का आखिरी एकदिवसीय मुकाबला 24 फरवरी को खेला गया। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। भारतीय महिला बल्लेबाजों ने टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्‍मृति मंधना, कप्‍तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर तीनो खिलाड़ियों ने टीम के लिए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

251 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा के रूप में अपना पहला विकेट जल्दी गंवा दिया था। उसके बाद स्मृति मंधाना ने क्रीज पर समय बिताया और 9 चौकों के साथ 71 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि मंधाना कोरोना के सकारात्मक परीक्षण के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन मैचों टीम का हिस्सा नहीं थी। उसके बाद चौथे मुकाबले में बारिश के चलते वह बल्ले के साथ अपना प्रदर्शन दिखने में कामयाब नहीं हो सकी और 13 रन ही बना सकीं।

उनके अलावा हरमनप्रीत कौर ने भी टीम के लिए 63 रनों की उपयोगी पारी खेली। स्मृति मंधाना ने वर्ल्ड कप से पहले अपने पुराने टच में वापस आने पर खुशी जताई है। उन्होंने टीम के गेंदबाजी प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि हमारे गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को 250 रनों पर ही रोक दिया।

“यह सीरीज विश्व कप से पहले पूरी टीम के लिए फायदेमंद रही”- स्मृति मंधाना

स्मृति मंधाना ने मैच के बाद गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा  कि “मेरे ख्‍याल से हमारे गेंदबाजों ने शानदार काम करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को 250 रन के स्‍कोर पर रोका। पिच बल्‍लेबाजी के लिए अच्‍छी थी। इसलिए हरमनप्रीत, मिताली और मैंने योगदान दिया और हमें अच्‍छी जीत मिली। मैं खुश हूं कि वर्ल्ड कप से पहले मैं फॉर्म में लौट आयी हूं। मेरे ख्‍याल से यह सीरीज वर्ल्ड कप से पहले पूरी टीम के लिए फायदेमंद रही।”

उन्होंने कहा “हमारे बीच काफी करीबी मैच हुए हैं और सभी खिलाड़ी वर्ल्ड कप में जाने के लिए विश्वास से भरी हुई हैं। इस जीत से हमें मदद मिलेगी और उम्मीद है कि हम वर्ल्ड कप में आत्मविश्वास और लय लेकर जायेंगे।”

close whatsapp