अभी तक हम 27 से ज्यादा खिलाड़ियों को आजमा चुके हैं और आने वाले मैचों में भी बदलाव करते नजर आयेंगे - रोहित शर्मा - क्रिकट्रैकर हिंदी

अभी तक हम 27 से ज्यादा खिलाड़ियों को आजमा चुके हैं और आने वाले मैचों में भी बदलाव करते नजर आयेंगे – रोहित शर्मा

भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में जीत हासिल करने के साथ अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

Rohit Sharma (Image Source: Instagram)
Rohit Sharma (Image Source: Instagram)

वेस्टइंडीज के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज में एकतरफा जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ भी टी-20 सीरीज में उसी लय को बरकरार रखते हुए 3 मैचों की सीरीज के शुरुआत 2 मुकाबलों को अपने नाम करने के साथ अजेय बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे टी-20 मुकाबले में मेहमान श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते भारत को 184 रनों का लक्ष्य दिया था।

जिसके बाद श्रेयस अय्यर के नाबाद 74 रन और संजू सैमसन के 39 और रवींद्र जडेजा के नाबाद 45 रनों की बदौलत भारतीय टीम ने यह मैच एकतरफा अपने नाम किया। वहीं इस जीत के साथ भारतीय टीम अब तक पिछले 11 टी-20 मुकाबलों में जीत हासिल कर चुकी है। वहीं इस दौरान भारतीय टीम को कई नए खिलाड़ियों को भी आजमाने का मौका मिला।

जिसमें अब श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में रुतुराज गायकवाड़ के बाहर होने के बाद उनकी जगह पर शामिल किए गए मयंक अग्रवाल को मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा पिछले 5 टी-20 मुकाबलों से बेंच पर बैठे रहने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी मौका मिल सकता है। वहीं आवेश खान के अलावा रवि बिश्नोई को भी आखिरी टी-20 मुकाबले में शामिल किया जा सकता है।

कप्तान रोहित शर्मा ने दिए बदलाव के संकेत

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने सीरीज के आखिरी मैच को लेकर अपने बयान में बदलाव के साफतौर पर संकेत दिए हैं। वहीं इस दौरान कप्तान रोहित ने सिराज को लेकर कहा कि आगामी टेस्ट सीरीज में वह प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के मजबूत दावेदार के तौर पर भी हैं।

मैच के बाद हुई प्रेस वार्ता में रोहित शर्मा ने कहा कि, हम कल बैठेंगे ताकि देखें कि और क्या हो सकता है। अभी तक हम 27 खिलाड़ियों को आजामा चुके हैं और आगे भी ऐसा देखने को मिलेगा। इसमें से कुछ ऐसे भी हैं, जिनको अभी तक मौका नहीं मिला है। हालांकि उसमें से कुछ को टेस्ट सीरीज के दौरान मौका मिलेगा। लेकिन हमें सभी को लेकर चलना होगा।

close whatsapp