विराट कोहली के 100वें टेस्ट मैच को लेकर कप्तान रोहित शर्मा ने किया यह बड़ा वादा - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट कोहली के 100वें टेस्ट मैच को लेकर कप्तान रोहित शर्मा ने किया यह बड़ा वादा

विराट कोहली ने अब तक 99 टेस्ट मैचों में 50.4 की औसत से 7962 रन बनाए हैं।

Rohit Sharma and Virat Kohli. (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma and Virat Kohli. (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली 4 मार्च को अपने टेस्ट करियर का 100वां मुकाबला खेलने के लिए मैदान में उतरेंगे। विराट कोहली 100वां टेस्ट मैच खेलने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी होंगे। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मुकाबले में 50 प्रतिशत दर्शकों के मैदान में प्रवेश को लेकर भी अनुमति दे दी है। रन मशीन कोहली ने अभी तक अपने 99 टेस्ट मुकाबलों में टीम के लिए 50.4 की औसत से 7962 रन बनाए हैं।

हालांकि विराट कोहली को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन के बाद भारतीय टीम की कप्तानी को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। विराट कोहली टेस्ट के सबसे सफल भारतीय कप्तानों में से एक माने जाते हैं, उन्होंने बतौर कप्तान 68 मुकाबलों में से 40 मुकाबले में टीम को जीत दिलाई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हारने के बाद कोहली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

वहीं विराट कोहली के बाद अब रोहित शर्मा टेस्ट टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। रोहित भारतीय टेस्ट टीम के 35वें कप्तान होंगे। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने विराट कोहली की प्रशंसा की है। हिटमैन के अनुसार कोहली आने वाले वर्षों में भी अपना दबदबा जारी रखेंगे।

“कोहली ने टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया”- रोहित शर्मा

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस में विराट कोहली की प्रशंसा करते हुए कहा कि “विराट का यह लम्बा सफर शानदार रहा है, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया खासकर टेस्ट क्रिकेट में। उन्होंने अभी तक कई चीजों में बदलाव किया है, उनका यह शानदार सफर आगे भी जारी रहेगा। कोहली ने पिछले 5 वर्षों में लम्बे प्रारूप में भारतीय टीम के लिए जो किया है वह शानदार है।”

रोहित ने आगे कहा कि “मैं कप्तान के रूप में शुरुआत करने के लिए उत्साहित हूं। मुझे नहीं लगता कि हमने पिछले 2-3 वर्षों में बहुत कुछ गलत किया है। लेकिन उन सभी गलतियों को सुधारने की जरूरत है जो हमने अतीत में की हैं।”

वर्ष 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट को याद करते हुए कप्तान ने कहा “विराट कोहली के लिए 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गयी सीरीज सबसे यादगार होगी, उस विकेट पर खेलना आसान नहीं था लेकिन विराट कोहली डटे रहे और शानदार शतक जड़ा। वह हमेशा टीम को इसी तरह आगे ले जायेंगे।”

close whatsapp