मोहाली में पहले टेस्ट में अश्विन ने खेली शानदार पारी तो कप्तान रोहित शर्मा ने कुछ इस अंदाज में की तारीफ
टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट हासिल करने के मामले में अब अश्विन दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
अद्यतन - Mar 7, 2022 3:53 pm

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 4 मार्च को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में आयोजित किया गया था। जिसमें मेजबान टीम ने शानदार जीत से आगाज किया है। कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम इंडिया की तरफ से टीम के आलराउंडर रवींद्र जडेजा और आर अश्विन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पहले बाएं हाथ के बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टीम के लिए 97 गेंदों में 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 96 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन सुरंगा लकमल की गेंद पर आउट होने के बाद वह अपने शतक से चूक गए। उसके बाद बल्लेबाजी करने आये टीम के स्टार आलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपनी बल्लेबाजी से मेहमान टीम के गेंदबाजों को परेशान करना शुरू कर दिया और 225 गेंदों में 17 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 175 रनों की पारी खेली, उसके बाद दोनों पारियों में 9 विकेट भी हासिल किये।
इस बीच उनका क्रीज पर फिरकी के बादशाह आर अश्विन ने भी उनका साथ दिया और 8 चौकों की मदद से 61 रनों की शानदार पारी खेली। उसके बाद टीम के लिए 6 विकेट भी चटकाये। अश्विन के नाम फिलहाल 436 टेस्ट विकेट हैं और वह अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में नौवें स्थान पर हैं। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अश्विन के इस प्रदर्शन के बाद उनकी प्रशंसा की और उन्हें ‘सर्वकालिक महान’ बताया।
“वह मेरी नजर में सर्वकालिक महान खिलाड़ी हैं”- रोहित शर्मा
भारतीय कप्तान ने अश्विन की तारीफ करते हुए कहा “वह मेरी नजर में सर्वकालिक महान हैं और वह लम्बे समय से देश के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम को काफी मैचों में जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसलिए मेरे लिए वह सर्वकालिक महान हैं। सभी के विचार उनके लिए अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन मेरे लिए वह महान खिलाड़ियों में से एक हैं।”
रोहित ने आगे कहा “जब आप बचपन से ही टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं तो आप इन सभी चीजों के सपने नहीं देखते इसलिए इसे पार करना उनकी ओर से एक बड़ी उपलब्धि है। मैं काफी सालों से अश्विन को खेलता देख रहा हूं और जब भी मैं उनको मैदान में देखता हूं तब लगता है वह हर दिन बेहतर होते जा रहे हैं। अश्विन ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें अपने प्रदर्शन पर पूरा भरोसा है।”
वहीं अश्विन के SENA देशों पर टीम में चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, मैं उनके SENA देशों में प्रदर्शन को लेकर कुछ नहीं कह सकता जिसमें उन्हें टीम में जगह क्यों नहीं मिली। क्योंकि मुझे उसके बारे में कुछ भी नहीं पता है क्योंकि मैं उस समय चयन का हिस्सा नहीं था और मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता।