मोहाली टेस्ट मैच में हार के बाद श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने बल्लेबाजों को ठहराया इसका दोषी - क्रिकट्रैकर हिंदी

मोहाली टेस्ट मैच में हार के बाद श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने बल्लेबाजों को ठहराया इसका दोषी

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच 12 मार्च से बेंगलुरु में खेला जाएगा।

Dimuth Karunaratne
Dimuth Karunaratne. (Photo Source: Getty Images)

भारतीय टीम ने पहले श्रीलंका को टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया था मेहमान टीम अभी इस सदमे से बाहर नहीं आ पाई थी और अब मोहाली में पहले टेस्ट के दौरान टीम इंडिया ने श्रीलंका को बड़े अंतर से मात दी है। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम दोनों पारियों में कुल 352 रन ही बना सकी। भारतीय टीम ने इस मुकाबले को पारी और 222 रनों से जीत लिया।

श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने अपनी टीम के 300वें टेस्ट में हार को लेकर काफी चिंतिंत नजर आये और मैच के बाद उन्होंने टीम के बल्लेबाजों की क्लास लगा दी। श्रीलंका ने अभी तक भारत में एक भी टेस्ट मुकाबला नहीं जीता है, मेहमान टीम इस मैच की पहली पारी में 174 रनों पर ही सिमट गयी जबकि दूसरी पारी में भी टीम 178 रन ही बना सकी।

श्रीलंकाई टीम से पहली और दूसरी पारी सहित केवल दो अर्धशतक आये, पहली पारी में पथुम निशांका ने 133 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 61 रन बनाये जबकि दूसरी पारी में निरोशन डिकवेला ने 81 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली और 9 चौके लगाये।

“हमने नहीं सोचा था कि यह तीसरे दिन समाप्त होगा”- दिमुथ करुणारत्ने

मैच खत्म होने के बाद हुई प्रेस वार्ता में श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने कहा कि “हमने नहीं सोचा था कि यह मैच तीसरे दिन तक खत्म हो जाएगा। हमारी टीम के बल्लेबाजों को लम्बी पारियां खेलने की जरूरत है। जब आप भारत के खिलाफ खेल रहे होते हैं तो आपको शुरुआत का फायदा उठाना होता है। यह ट्रैक बल्लेबाजी करने के लिए लाभदायक था, एक बार सेट होने के बाद आप आप लम्बी पारी खेल सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा “अगर हमने पहले अच्छी गेंदबाजी की होती तो यह मुकाबला इतनी जल्दी समाप्त नहीं होता। हमारी बल्लेबाजी आक्रामक थी, हमारे बल्लेबाजों को स्ट्राइक रोटेट करके दोनों के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है, इस तरह आप एक बड़ी पारी खेलते हैं। एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में हमे बड़ा स्कोर बनाना होगा। हमने पहले दो सत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन गेंद पुरानी होने के बाद हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके।”

यह श्रीलंका की भारत में टेस्ट में 10वीं पारी की हार थी। भारतीय टीम ने इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर 1-0 से बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच 12 मार्च से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

close whatsapp