IPL 2022 के शुरू होने से पहले मयंक अग्रवाल की कप्तानी को लेकर बड़ी बात बोल गए शिखर धवन - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022 के शुरू होने से पहले मयंक अग्रवाल की कप्तानी को लेकर बड़ी बात बोल गए शिखर धवन

पंजाब किंग्स IPL में अपना पहला मुकाबला 27 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी।

Shikhar Dhawan. (Photo Source: IPL/BCCI)
Shikhar Dhawan. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस रोमांचक सीजन का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, 15वें संस्करण का पहला मुकाबला 26 मार्च को खेला जायेगा। वहीं IPL के इस सीजन में बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन पंजाब किंग्स (PBKS) की तरफ से मयंक अग्रवाल के नेतृत्व में खेलते हुए दिखेंगे। शिखर धवन को IPL के 15वें सीजन के लिए फरवरी में हुए मेगा ऑक्शन में PBKS ने 8.50 करोड़ रुपए में खरीदा था।

आपको बता दें कि शिखर धवन ने IPL 2021 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने DC की तरफ से खेलते हुए 16 मैचों में 587 रन बनाये थे, इसके बावजूद उन्हें फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया था। इसके अलावा वह उससे पहले सीजन में भी अच्छी फॉर्म में थे और इस बार भी अपने शानदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित करने की उम्मीद से मैदान में उतरेंगे।

पंजाब किंग्स की कमान सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के हाथों में रहेगी। IPL से पहले शिखर धवन ने बताया कि वह मयंक अग्रवाल के नेतृत्व में खेलने के लिए उत्सुक हैं। PBKS ने फरवरी में केएल राहुल के जाने के बाद मयंक अग्रवाल के रूप में अपना नया कप्तान चुना था।

“मयंक अग्रवाल के नेतृत्व में खेलना मेरे लिए अच्छा रहेगा”- शिखर धवन

हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से शिखर धवन ने कहा कि, “मयंक के नेतृत्व में खेलना मेरे लिए काफी अच्छा होगा। हमारी टीम युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भरपूर एक मजबूत टीम है। हमें उम्मीद है कि हम इस बार कुछ बड़ा करेंगे और  साथ ही अगर मुझे मयंक के साथ ओपनिंग करने का मौका मिलता है, तो यह मेरे लिए बहुत अच्छा होगा। हमारे लिए यह एक बड़ी जिम्मेदारी होगी और मैं इसे संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं।”

पंजाब किंग्स ने IPL 2022 की नीलामी से पहले मयंक अग्रवाल और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को रिटेन किया था। मयंक के लिए फ्रेंचाइजी ने 12 करोड़ रुपए का भुगतान किया था। मयंक की कप्तानी में फ्रेंचाइजी अपने पहले IPL खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। पंजाब की टीम अपना पहला मुकाबला 27 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी।

close whatsapp