‘मुझे लोग उस पारी के लिए हमेशा याद रखेंगे’- निदहास ट्रॉफी के फाइनल मैच की पारी पर दिनेश कार्तिक
निदहास ट्रॉफी के फाइनल मैच में बांग्लादेश के खिलाफ दिनेश कार्तिक ने केवल 8 गेंदों में 29 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
अद्यतन - मार्च 20, 2022 3:44 अपराह्न

विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भारत के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें सीजन में वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की तरफ से खेलते नजर आएंगे। दिनेश कार्तिक ने 19 मार्च को अपना क्वारंटाइन पूरा करने के बाद अब वह अपनी टीम के साथ जुड़ गए हैं। दिनेश कार्तिक अब IPL में RCB का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दिनेश कार्तिक 19 मार्च को RCB की टीम के साथ जुड़े और इसी दिन 2018 में निदहास ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के दौरान कार्तिक ने बांग्लादेश के खिलाफ एक यादगार पारी खेली थी। उस मैच में दिनेश कार्तिक ने मुश्किल परिस्थितियों से अपनी टीम को बाहर निकाला था, दांए हाथ के बल्लेबाज जब क्रीज पर आए थे उस दौरान टीम को 2 ओवर में 34 रनों की जरूरत थी।
उस समय भारत के लिए मैच जीत पाना मुश्किल लग रहा था लेकिन वहां उन्होंने अपनी टीम के लिए केवल 8 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने मैच की आखिरी गेंद पर शानदार छक्का भी लगाया था और इस पारी से सभी को प्रभावित किया था।
“मैं अपनी बारी का इंतजार कर रहा था”- दिनेश कार्तिक
उस पारी को याद करते हुए दिनेश कार्तिक ने आरसीबी के यूट्यूब चैनल पर कहा कि, “मैं अपनी बारी का इंतजार कर रहा था और मैच में काफी लेट आया। जब दो ओवरों में 34 रनों की जरूरत हो तब एक बल्लेबाज के तौर पर आप सोचते हैं कि कितनी बाउंड्री लगा सकते हैं। मैं भी वास्तव में यही सोच रहा था और भसग्यशली रहा कि मेरे कुछ शॉट्स काफी अच्छे रहे और उसके बाद इतिहास बन गया।”
उन्होंने आगे कहा कि,” मेरे जीवन का एक अहम दिन था। कई सारे खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिन्हें कुछ चीजों के लिए हमेशा याद किया जाता है। एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे भी लोग उस पारी के लिए हमेशा याद रखेंगे।”
आपको बता दें RCB ने अभी तक एक भी खिताब अपने नाम नहीं किया है। टीम पिछले कुछ वर्षों में अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम पर निर्भर रही है। हालांकि एबी डिविलियर्स ने अभी तक मध्य क्रम को संभाल रखा था लेकिन अब उनके रिटायर होने के बाद दिनेश कार्तिक उनकी जगह को भरने की कोशिश करेंगे।