IPL 2022: आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलने के लिए उत्सुक है यह तेज गेंदबाज, कुछ इस तरह जाहिर की खुशी
आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 27 मार्च को खेलेगी।
अद्यतन - मार्च 23, 2022 3:24 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की शुरुआत में केवल तीन दिन का समय बाकी है जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फरवरी में हुए मेगा ऑक्शन के दौरान कई खिलाड़ियों को एक नई फ्रेचाइजी में जगह मिली है जिसमें से एक नाम भारत के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट का भी है। उनादकट पिछले चार सीजन राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ बिताये हैं लेकिन 2022 में वह मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते नजर आएंगे।
फरवरी 2022 में आयोजित दो दिवसीय मेगा नीलामी में MI ने इस गेंदबाज को 1.3 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल कर लिया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अभी तक के अपने IPL करियर में कुल 86 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 8.74 इकॉनमी से कुल 85 विकेट हासिल किये हैं। हालांकि पिछला सीजन उनके लिए अच्छा साबित नहीं हुआ क्योंकि उन्होंने 42 की औसत और 7.63 की इकॉनमी रेट से चार विकेट ही लिए थे।
IPL की शुरुआत से पहले जयदेव उनादकट ने रिकॉर्ड पांच बार विजेता रह चुकी MI की तरफ से चुने जाने को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वह टूर्नामेंट की सबसे सफल फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलने के लिए उत्सुक हैं।
“नीलामी के दौरान मुझे घबराहट हुई”- जयदेव उनादकट
उनादकट ने MI द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा “मैं इस सीजन और एक ऐसी टीम में शामिल होने के लिए उत्साहित हूं जिसका IPL के अब तक के इतिहास में दबदबा देखने को मिला है। नीलामी के दौरान मुझे घबराहट हुई क्योंकि मेरा नाम तेज गेंदबाज के की सूची में आखिर में था। यह मेरे लिए काफी मुश्किल था लेकिन मैं मुंबई इंडियंस द्वारा चुने जाने पर अच्छा महसूस कर रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा “मैं शेन बॉन्ड और जहीर भाई के साथ काफी कुछ सीखने के लिए काफी उत्सुक हूं, वे दोनों ही मेरे करियर की शुरुआत से प्रेरणा रहे हैं। इसके अलावा मैं बुमराह के साथ मैदान पर गेंदबाजी करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
एक बार फिर MI एक मजबूत टीम के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। हमेशा की तरह मुंबई की नजरें IPL के खिताब पर होंगी। रोहित शर्मा की टीम इस सीजन में अपना पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 27 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेलेगी।