मुझे 7 से 8 घंटे तक अपनी चोट के कारण असहनीय दर्द का सामना करना पड़ता था - शुभमन गिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

मुझे 7 से 8 घंटे तक अपनी चोट के कारण असहनीय दर्द का सामना करना पड़ता था – शुभमन गिल

इस चोट के चलते शुभमन गिल को इंग्लैंड के पूरे दौरे से बाहर होना पड़ा था।

Shubman Gill. (Photo Source: Getty Images)
Shubman Gill. (Photo Source: Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन के जरिए कई खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगे ताकि वह अपनी राष्ट्रीय टीम में वापसी की राह को खोलने में कामयाब हो सकें। IPL 2022 सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होगी जिसमें पहला मुकाबला गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच में खेला जाएगा।

इसके अलावा इस बार 2 नई फ्रेंचाइजियों के आने से अब 8 की जगह कुल 10 टीमें इस सीजन में खेलते हुए नजर आने वाली हैं। जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गुजरात टाइटंस (GT) की टीम शामिल है। जिसके चलते मेगा ऑक्शन का भी आयोजन किया गया था और इसी कारण सभी टीमों में आगामी सीजन में काफी सारे नए बदलाव भी देखने को मिलेंगे।

इसी में एक नाम युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी शुभमन गिल का भी शामिल है, जो इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से खेल रहे थे, उन्हें मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। गिल साल 2021 में इंग्लैंड दौरे के दौरान पिंडली की चोट के चलते पूरे दौरे से बाहर हो गए थे, जिसके बाद अब उन्होंने अपनी चोट के दौरान हुए अनुभव को साझा किया है।

अब मैं अपनी चोट से पूरी तरह से उबर चुका हूं

शुभमन गिल ने स्पोर्ट्स तक से बातचीत करते हुए अपनी चोट को लेकर कहा कि, अब मैं उससे पूरी तरह उबर चुका हूं। जब मैं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में खेल रहा था उस समय मेरी पिंडली में फ्रैक्चर हो गया था। जब 2 से 3 दिन बाद मैच खत्म हुआ तो एक रात मुझे मेरी पिंडली में काफी दर्द हुआ। मुझे लगभग 7 से 8 घंटे तक असहनीय दर्द का सामना करना पड़ा।

गिल ने अपने बयान में आगे कहा कि, मुझे इससे पहले मेरी पिंडली में किसी तरह की कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई थी। यह मेरे लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था। जब मैने अगले दिन फीजियो को इस बारे में जानकारी दी तो MRI राने के बाद मुझे पता चला कि मेरी पिंडली में फ्रैक्चर हो गया है। इसके बाद मैं IPL खेलने गया जहां अधिक फिटनेस टेस्ट का सामना नहीं करना पड़ा।

लेकिन जब हम घरेलू जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे थे, इस चोट के चलते मुझे एकबार फिर से दर्द का सामना करना पड़ा। जिसमें फील्डिंग के दौरान मुझे काफी दर्द का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद फीजियो ने यह फैसला लिया कि जब तक यह चोट पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाती मुझे मैदान पर वापसी नहीं करनी है। मैने लगभग 2 महीने तक NCA में समय बिताया और अब मैं पूरी तरह से इस चोट से उबर चुका हूं।

close whatsapp