विराट कोहली की ब्रांड वैल्यू में आई जबरदस्त गिरावट, 2021 में हुआ करीब 400 करोड़ का नुकसान
ब्रांड वैल्यू नुकसान के बावजूद वह एन्डॉर्समेंट से कमाई करने के मामले में विराट कोहली नंबर1 भारतीय हैं।
अद्यतन - Mar 29, 2022 6:39 pm

एमएस धोनी और विराट कोहली इस पीढ़ी के भारत के दो बेहतरीन क्रिकेटर रहे हैं और उन्होंने क्रिकेट में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए कई अवॉर्ड जीते हैं। जहां क्रिकेट फिल्ड की इस जोड़ी ने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, वहीं उनके अथक प्रयासों से उनके संबंधित ब्रांड मूल्यों में अविश्वसनीय इजाफा हुआ है।
हाल ही में, कुछ रिपोर्ट्स में यह पता चला है कि उनके ब्रांड मूल्यों के काफी उतार-चढाव आया है। कोहली, एक सक्रिय खिलाड़ी होने के बावजूद, उनके ब्रांड वैल्यूएशन में कमी देखी गई है, जबकि धोनी के ब्रांड वैल्यूएशन में शानदार वृद्धि देखने को मिली है, भले ही उन्होंने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो लेकिन उनके ब्रैंड में वैल्यू में इजाफा हुआ है।
विराट कोहली को साल 2020 के बाद हुआ है 52 मिलियन डॉलर का नुकसान
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोहली के ब्रांड वैल्यूएशन जो 2020 में लगभग 238 मिलियन डॉलर थी वो 2021 में घटकर 186 मिलियन डॉलर की हो गई है। आपको बता दें कि $ 52 मिलियन डॉलर (400 करोड़) की भारी गिरावट के बावजूद, एन्डॉर्समेंट से कमाई करने के मामले में कोहली नंबर 1 पर हैं।
बॉलीवुड आइकन रणवीर सिंह ($158 मिलियन) और अक्षय कुमार ($140 मिलियन) क्रमशः दुसरे और तीसरे स्थान पर हैं। अभिनेत्री आलिया भट्ट (68 मिलियन डॉलर) चौथे स्थान पर हैं। दूसरी ओर, धोनी के ब्रांड वैल्यूएशन में 61 मिलियन डॉलर की वृद्धि हुई और उन्होंने सूची में पांचवां स्थान हासिल किया । 2011 विश्व कप विजेता कप्तान वर्तमान में चल रहे आईपीएल 2022 में मौजूदा चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कोहली को इस साल हो सकता है और भी नुकसान
विराट कोहली इस साल तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से हट चुके हैं। इसके अलावा बल्ले से उनकी चमक कुछ फीकी पड़ती दिखी है। वह साल 2019 से ही अपने 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक का इंतजार कर रहे हैं। इस सबका प्रभाव उनकी इस ब्रैंड वेल्यू पर भी पड़ सकता है। अगर विराट जल्दी अपने बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाते हैं तो उनकी कमाई में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है।