शोएब अख्तर ने अपने आईपीएल डेब्यू को याद करते हुए सौरव गांगुली को लेकर किया अहम खुलासा
शोएब अख्तर ने आईपीएल 2008 में केकेआर (KKR) के साथ अपने कार्यकाल को याद किया।
अद्यतन - मार्च 30, 2022 11:17 पूर्वाह्न

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन सत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ अपने कार्यकाल के एक दिलचस्प किस्से का खुलासा किया है।
आपको बता दें, पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज आईपीएल (IPL) के बहुत बड़े फैन हैं, और साल 2008 में उन्होंने लीग के पहले सीजन में हिस्सा भी ले चुके हैं। हालांकि, इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच खराब राजनीतिक संबंध के चलते पाकिस्तानी खिलाड़ियों के आईपीएल (IPL) में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगा दी गई।
हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि कैसे पूर्व कप्तान सौरव गांगुली प्लेइंग इलेवन में उनके चयन के लिए उनके बचाव में आए थे, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मुख्य कोच जॉन बुकानन ने उनकी मैच फिटनेस के बारे में चिंता व्यक्त की थी। सौरव गांगुली शोएब अख्तर के सिलेक्शन के लिए जॉन बुकानन से भिड़ गए थे।
शोएब अख्तर ने आईपीएल 2008 में केकेआर (KKR) के साथ अपने कार्यकाल को याद किया
शोएब अख्तर ने यह भी बताया कि कैसे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा उन पर लगाए गए प्रतिबंध के कारण उन्हें KKR फ्रेंचाइजी के लिए कई मैच गंवाने पड़े। हालांकि, PCB ने बाद में दिग्गज गेंदबाज को मंजूरी दे दी, लेकिन वह केवल तीन आईपीएल (IPL) मैच ही खेल पाए और इस दौरान कुल पांच विकेट झटके। उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में चार विकेट चटकाए थे।
स्पोर्ट्सकीड़ा के टाइमआउट पर बातचीत के दौरान शोएब अख्तर ने कहा, “जब मैं केकेआर (KKR) खेमे में शामिल हुआ था, तब मैं प्रतिबंध झेल रहा था। मुझ पर पीसीबी (PCB) ने बैन लगाया हुआ था, और मैं ज्यादा आईपीएल मैच नहीं खेल पाया। जॉन बुकानन ने सौरव गांगुली से कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि मैं मैच खेलने के लिए पर्याप्त फिट हूं। जिस पर सौरव गांगुली ने जवाब दिया था कि ‘वह (मैं) हमेशा अनफिट रहे हैं, आप उसकी चिंता मत करिए। अगर वह आधा अनफिट भी होता है, तब भी मुझे कोई दिक्कत नहीं है’।”
आपको बता दें, शोएब अख्तर दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक हैं, और वह अपने करियर के दौरान चोटों से काफी परेशान रहे हैं, जिसके चलते वह पाकिस्तान के लिए कई अहम मैच नहीं खेल पाए। उन्होंने हाल ही में कहा था कि अगर बाबर आजम को IPL नीलामी में उतारा जाए, तो वह 15-20 करोड़ रुपये में बिक सकता है।