थर्ड अंपायर की हिम्मत तो देखिए, क्रिकेट के नियम के खिलाफ जाकर विराट कोहली को आउट दिया
अंपायर के उस फैसले से विराट कोहली हुए थे थे काफी नाराज।
अद्यतन - अप्रैल 10, 2022 1:15 अपराह्न

भले ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शनिवार (9 अप्रैल) को मुंबई इंडियंस पर सात विकेट की आसान जीत दर्ज की, लेकिन मैच में जिस तरह से विराट कोहली को थर्ड अंपायर ने आउट दिया उसने एक बड़े विवाद को जन्म दे दिया है। विराट कोहली जैसे ही आउट हुए तो वो मैदान से लेकर ड्रेसिंग रूम तक काफी गुस्से में नजर आए और इस दौरान कई तरह के रिएक्शन भी देते हुए दिखे।
कोहली को 19वें ओवर की पहली गेंद पर एलबीडब्ल्यू करार दिया गया। यह गेंद डेवाल्ड ब्रेविस ने फेंकी थी। यह एक फुल-लेंथ डिलीवरी थी जिसे देखकर ऐसा लगता था कि कोहली का बल्ला और पैड एक साथ लगा था और ऑन-फील्ड अंपायर ने कोहली को आउट करार दिया। इसके बाद कोहली ने बिना किसी देरी के रिव्यू लिया।
रीप्ले से पता चला कि गेंद पैड से टकराने से पहले बल्ले का किनारा लेकर गई है। दूसरे एंगल से ऐसा भी लग रहा था कि गेंद बल्ले और पैड से एक ही समय पर संपर्क में आई है। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि तीसरे अंपायर को फैसले को पलटने के लिए ‘निर्णायक सबूत’ नहीं मिल पाया। इस कारण थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर का फैसला बरकरार रख कोहली को आउट दिया।
एमसीसी के नियम के मुताबिक आउट नहीं थे विराट कोहली
लेकिन एमसीसी द्वारा बनाए गए क्रिकेट के नियम के मुताबिक विराट कोहली आउट नहीं थे। क्रिकेट का नियम 36.2.2 कहता है कि अगर गेंद स्ट्राइक पर बल्लेबाजी कर रहे शख्स के बल्ले और शरीर से एक ही समय पर लगती है तो फिर इसे बैट फर्स्ट माना जाएगा। अगर एमसीसी का नियम ये कहता है तो फिर निश्चित रूप से विराट कोहली को नॉट आउट दिया जाना चाहिए था, लेकिन थर्ड अंपायर ने ऐसा नहीं किया और यही वजह थी कि विराट कोहली बहुत देर तक नाराज नजर आए।
बहरहाल, अंपायर के इस गलत फैसले का मैच पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा क्योंकि आरसीबी ने आराम से 18.3 ओवर में 152 रनों का पीछा करते हुए आईपीएल 2022 में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इस बीच, युवा सलामी बल्लेबाज अनुज रावत आरसीबी की जीत के हीरो रहे, उन्होंने 66 रन की तेज पारी खेली और टीम को एक और जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।