अपने पहले आईपीएल शतक को लेकर देवदत्त पडीक्कल ने किया चौंकाने वाला खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

अपने पहले आईपीएल शतक को लेकर देवदत्त पडीक्कल ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पडीक्कल ने उस मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जड़ा था शानदार शतक।

Devdutt Padikkal
Devdutt Padikkal. (Photo Source: IPL/BCCI)

आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल ने अपने पहले आईपीएल शतक को याद करते हुए बड़ा खुलासा किया है। देवदत्त, जो आईपीएल के 15वें संस्करण में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, अभी तक बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इस सीजन पडीक्कल उस निडरता और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे हैं जिसके लिए वो जाने जाते हैं।

अपने पहले मैच में अर्धशतक के साथ अपने आईपीएल करियर की शानदार शुरुआत करने वाले इस युवा खिलाड़ी ने 2020 के संस्करण में आरसीबी के लिए सर्वोच्च स्कोरर थे और उन्होंने 15 पारियों में 473 रन बनाए थे। पडीक्कल ने अगले सीजन में अपनी मौजूदा फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना पहला आईपीएल शतक बनाया था।

अपने पहले आईपीएल शतक को लेकर देवदत्त पडीक्कल ने किया बड़ा खुलासा

क्रिकट्रैकर के शो Greatness Starts here में बात करते हुए पडीक्कल ने बताया कि, “मुझे उस दिन के बारे में सब कुछ बहुत याद है। अपने पूरे जीवन में मैंने कभी खुद की कल्पना नहीं की थी कि 20 साल की उम्र में, मैं आईपीएल में शतक बना पाऊंगा।”

उन्होंने आगे कहा कि, “वानखेड़े के ऐतिहासिक मैदान में, विराट और एबी डिविलियर्स जैसे खिलाड़ियों की उपस्थिति में यह कर पाना मेरे लिए अविश्वसनीय था। एक बात जो मुझे भी अच्छे से याद है, वह यह थी कि जब विराट बल्लेबाजी कर रहे थे और कैमरा उनके पास जा रहा था, तब उन्होंने कहा कि आज उसके (पडीक्कल) पास जाओ वो मेन हीरो है। जब भी मैं इसके बारे में सोचता हूं, तब मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं।”

21 वर्षीय पडीक्कल को राजस्थान रॉयल्स में एक नई भूमिका दी गई है। पडिक्कल ने आईपीएल 2022 में अब तक 114 रन बनाए हैं, जिसमें 41 उनका सर्वोच्च स्कोर है। सलामी बल्लेबाज के रूप में जायसवाल की कुछ शुरुआती असफलताओं के बाद, पडिक्कल को फिर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ ओपनिंग करने का मौका मिला और वह आने वाले मैचों में बटलर के साथ पारी की शुरुआत करते हुए अधिक से अधिक रन बनाने की कोशिश करेंगे।

close whatsapp