IPL 2022: SRH के राहुल त्रिपाठी ने पूर्व फ्रेंचाइजी KKR के खिलाफ अपनी तूफानी पारी पर प्रतिक्रिया दी
राहुल त्रिपाठी की शानदार पलटवार पारी ने केकेआर को मुकाबले से बाहर कर दिया था।
अद्यतन - Apr 16, 2022 4:30 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के जारी 15वें सीजन में शुरूआती दो मैचों में शिकस्त झेलने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने लगातार तीन जीत दर्ज की है। आईपीएल 2022 (IPL 2022) के 25वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को सात विकेट से मात देकर टूर्नामेंट में तीसरी जीत दर्ज की।
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राहुल त्रिपाठी ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की इस बड़ी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ मैच चुना गया। SRH ने KKR द्वारा दिए गए 176 रनों के लक्ष्य को तीन विकेट खोकर और 13 गेंदें शेष रहते हुए हासिल कर लिया। SRH के लिए राहुल त्रिपाठी ने सर्वाधिक 71 बनाए, वहीं एडेन मार्करम 68 रन बनाकर नाबाद रहे।
केकेआर के साथ बिताया समय खास था: राहुल त्रिपाठी
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 94 रनों की मजबूत साझेदारी की, जबकि राहुल त्रिपाठी ने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। राहुल त्रिपाठी ने अपनी धुंआधार पारी के दौरान अपने पूर्व KKR साथियों पैट कमिंस और वरुण चक्रवर्ती को ब्रेबोर्न स्टेडियम में जमकर धोया।
मैच के बाद राहुल त्रिपाठी ने कहा: “मैंने आज खुद का आनंद लिया। KKR के साथ समय खास था और अब SRH के साथ भी खास है। ऐसे दिन होते हैं जब चीजें कठिन हो जाती हैं, लेकिन मैं कड़ी मेहनत और अच्छे दिनों का आनंद लेता हूं। बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले मैं थोड़ा बेचैन था।”
उन्होंने आगे कहा: “अगर आप नए बल्लेबाज है तो आंद्रे रसेल शार्ट डिलीवरी पर झटका दें सकते हैं, और मैं उस शॉट की तलाश में था अगर गेंद होती। वरुण अच्छी गेंदबाजी करते हैं, मुझे उनसे पिच करने की उम्मीद नहीं थी और इसलिए मैंने उस पर लगातार ऊंचे शॉट लगाए ताकि वह दबाव में आ सकें।”
राहुल त्रिपाठी ने अंत में कहा: “पिछले कुछ दिनों से मेरी तबियत खराब थी। लेकिन, हैदराबाद प्रबंधन ने मेरे साथ बहुत अच्छा काम किया और लगातार मेरा समर्थन किया। मुझे यहां काफी मजा आ रहा है। अगर कठिन दिन हैं, तो अच्छे दिन भी आते हैं। मुझे बहुत खुशी है कि मैंने आज अच्छी पारी खेली।”