वीडियो: जब अशोक डिंडा से प्रभावित होकर रिकी पोंटिंग ने जॉन बुकानन से कर दी थी बड़ी मांग - क्रिकट्रैकर हिंदी

वीडियो: जब अशोक डिंडा से प्रभावित होकर रिकी पोंटिंग ने जॉन बुकानन से कर दी थी बड़ी मांग

रिकी पोंटिंग बताया कैसे अशोक डिंडा ने उन्हें आईपीएल 2008 में नेट्स के दौरान प्रभावित किया था।

Ricky Ponting, head coach DC, IPL. (Photo Source: Getty Images)
Ricky Ponting, head coach DC, IPL. (Photo Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को नई प्रतिभाओं की पहचान और उनको तराशने के लिए जाना जाता है। रिकी पोंटिंग ने ऐसी ही एक प्रतिभा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन संस्करण के दौरान पहचानी थी, और वह पूर्व भारतीय गेंदबाज अशोक डिंडा थे।

रिकी पोंटिंग आईपीएल 2008 (IPL 2008) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा थे, और उस समय वह टीम के नेट गेंदबाज अशोक डिंडा से काफी ज्यादा प्रभावित हुए थे। अशोक डिंडा बतौर नेट गेंदबाज 7-10 दिनों तक पूरी ताकत के साथ बाउंसर फेंकते रहे, जिससे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज इस कदर प्रभावित हो गए थे कि उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कोच जॉन बुकानन से भारतीय गेंदबाज को कॉन्ट्रैक्ट देने की सिफारिश कर दी थी।

जब अशोक डिंडा से प्रभावित होकर रिकी पोंटिंग ने कर दी थी उनके लिए अनुबंध की मांग

दरअसल, आईपीएल (IPL) को 15 साल पूरे हो गए है, और इस मौके पर दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है, जहां कोचिंग टीम के सभी सदस्य रिकी पोंटिंग, शेन वॉटसन और अजित अगरकर ने पहले आईपीएल (IPL) सीजन को लेकर अपनी-अपनी यादें ताजा की।

रिकी पोंटिंग ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) द्वारा साझा किए वीडियो में बताया: “अशोक डिंडा केकेआर टीम के नेट गेंदबाज थे। 7-10 दिनों तक उन्होंने हर नेट सत्र में सभी बल्लेबाजों पर तेज बाउंसर्स फेंके। जिसको देखकर मुझसे रहा नहीं गया और मैंने कोच जॉन बुकानन से कहा कि ‘इस लड़के में कुछ तो अलग है, उसे एक अनुबंध दें दीजिए। इसके बाद डिंडा को अनुबंध भी मिल गया। मुझे लगता है कि उन्होंने शायद आईपीएल के पहले तीन विकेट भी लिए, और यहीं से अशोक डिंडा के आईपीएल में 12 या 13 साल के करियर की शुरुआत हुई।”

यहां देखें वीडियो –

आपको बता दें, अशोक डिंडा ने आईपीएल (IPL) के पहले सीजन में 6.67 की इकॉनमी रेट से 9 विकेट लिए थे। फिर उन्होंने 2011 में केकेआर का साथ छोड़कर दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) का दामन थाम लिया था। वह 2012-13 तक अब निष्क्रिय हो चुकी फ्रेंचाइजी पुणे वारियर्स इंडिया का हिस्सा थे।

इसके अलावा, वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए भी खेल चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए 15 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और फरवरी 2021 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से अलविदा कह दिया। फिलहाल, वह मोयना निर्वाचन क्षेत्र में विधान सभा के सदस्य हैं।

close whatsapp