विराट-रोहित से अब नहीं रही किसी को उम्मीद, टी-20 वर्ल्ड कप के लिए धोनी के रिटायरमेंट वापस लेने की उठी मांग - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट-रोहित से अब नहीं रही किसी को उम्मीद, टी-20 वर्ल्ड कप के लिए धोनी के रिटायरमेंट वापस लेने की उठी मांग

महेंद्र सिंह धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 13 गेंद पर नाबाद 28 रन बनाकर चेन्नई सुपरकिंग्स को जबर्दस्त जीत दिलाई।

MS Dhoni & RP SIngh (Photo Source: Twitter)
MS Dhoni & RP SIngh (Photo Source: Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन में डिफेंडिंग चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने गुरुवार को अपनी दूसरी जीत दर्ज की। सीएसके ने इस मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) को 3 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैच में एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी पुराना रूप देखने को मिला, उन्होंने मैच के आखिरी गेंद पर शानदार चौका लगाकर चेन्नई को एक रोमांचक जीत दिलाई।

इस शानदार जीत के बाद दुनिया भर के तमाम दिग्गज क्रिकेटर धोनी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि, क्या हम धोनी से अनुरोध कर सकते हैं कि वह टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रिटायरमेंट वापस लेंगे क्या? आपको बता दें कि इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है।

यहां देखिए एमएस धोनी को लेकर आरपी सिंह का वो ट्वीट

इस आईपीएल में जहां विराट कोहली, रोहित शर्मा, इशान किशन जैसे खिलाड़ी अभी तक बल्ले से बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं वहीं महेंद्र सिंह धोनी के अलावा दिनेश कार्तिक, राहुल तेवतिया, हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों ने इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन करके टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी के मजबूत की है। कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने इन्हे खिलाड़ियों को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल करने की मांग की है।

टीम इंडिया का प्रदर्शन पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में काफी निराशाजनक रहा था। बीसीसीआई की मेजबानी में 2021 टी-20 वर्ल्ड कप यूएई में खेला गया था, जहां टीम भारत पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ हारकर सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी।

प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके को आखिरी चार गेंदों पर जीत के लिए 16 रनों की जरूरत थी और स्ट्राइक पर महेंद्र सिंह धोनी थे और गेंदबाजी की कमान जयदेव उनादकट के हाथों में थी। फिर धोनी ने 6, 4, 2, 4 रन बनाकर सीएसके को जीत दिलाई और टीम को दो अंक भी मिले। मुंबई इंडियंस इस हार के बाद लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। वहीं सीएसके के लिए भी राह आसान नहीं है।

close whatsapp