इस समय CSK की कप्तानी रवींद्र जडेजा के बस की बात नहीं: ग्रीम स्मिथ
अभी तक खेले गए 8 मुकाबलों में चेन्नई में से 2 में जीत दर्ज की है।
अद्यतन - May 1, 2022 5:28 pm

साउथ अफ्रीका टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ ने रवींद्र जडेजा की कप्तानी को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि जडेजा का कप्तानी छोड़ने का फैसला सही है। बता दें, रवींद्र जडेजा को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया था।
इससे पहले चेन्नई टीम का नेतृत्व विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी कर रहे थे लेकिन उन्होंने आईपीएल 2022 शुरू होने से पहले कप्तानी छोड़ दी थी और उनकी जगह मैनेजमेंट ने जडेजा को कप्तानी सौंपी थी। 8 मुकाबले कप्तानी करने के बाद 30 अप्रैल को जडेजा ने कप्तानी के पद को त्याग दिया और वापस महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी दे दी। स्मिथ की माने तो जडेजा इस समय कप्तानी की भूमिका के लिए सही नहीं है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने 8 मुकाबलों में सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है।
गत-चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का IPL 2022 का प्रदर्शन काफी साधारण रहा है। अभी तक खेले गए 8 मुकाबलों में से चेन्नई ने 2 में जीत दर्ज की है। यह दोनों जीत पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आई है।
स्मिथ ने स्टार स्पोर्ट्स में पैनल बातचीत के दौरान कहा कि, मुझे लगता है आपको जडेजा के ऊपर फोकस करना चाहिए। उनको कप्तानी टूर्नामेंट शुरू होने से सिर्फ 2 दिन पहले मिली। सब जानते हैं कि जडेजा तीनों फॉर्मेट में काफी अच्छे खिलाड़ी हैं। चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी या फील्डिंग जडेजा हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। लेकिन कप्तानी का प्रेशर उन पर साफ दिख रहा है। इस साल उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि, जडेजा को यह लग गया है इस समय कप्तानी उनके बस की बात नहीं है। उन्होंने एम एस धोनी को कप्तानी वापस देकर अच्छा काम किया है। अब वह अपने खेल में फोकस कर सकते हैं। उम्मीद है कि जड्डू अब अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर टूर्नामेंट समाप्त करें।
बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है जो 1 मई को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन में खेला जाएगा। इन दोनों के बीच हुए पिछले मुकाबले में हैदराबाद ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया था।