CSK के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स का एक और सदस्य हुआ कोरोना संक्रमित - क्रिकट्रैकर हिंदी

CSK के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स का एक और सदस्य हुआ कोरोना संक्रमित

दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2022 में एकमात्र ऐसी फ्रेंचाइजी रही है जिनके खेमे में लगातार कोविड-19 मामले सामने आए हैं।

Delhi Capitals. (Photo Source: IPL/BCCI)
Delhi Capitals. (Photo Source: IPL/BCCI)

आईपीएल 2022 के 55वें मैच में 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करेगी। हालांकि इस मुकाबले से पहले ही टीम को बड़ा झटका लगा है। कुछ रिपोर्ट की माने तो दिल्ली कैपिटल्स का नेट गेंदबाज कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बीसीसीआई ने आईपीएल 2022 के लिए जो कोरोना प्रोटोकॉल बनाया है, उसके अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स को कोरोना टेस्ट के एक और दौर से गुजरना होगा और तब तक सभी खिलाड़ी कमरों में ही आइसोलेट रहेंगे।

बीसीसीआई की तरफ से नहीं आई है कोई आधिकारिक जानकारी

दिल्ली और चेन्नई के मैच को लेकर बीसीसीआई या आईपीएल की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दिल्ली कैपिटल्स के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि यह मैच तय समय और स्थान पर हो सकता है। नेट गेंदबाज के संक्रमित होने से टीम में भी कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।

आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स एकमात्र टीम रही है जो कोरोना के मामले से प्रभावित हुई है। अब तक मिशेल मार्श, टिम सीफर्ट जैसे खिलाड़ी संक्रमित पाए जा चुके हैं और इस वजह से उन्हें कुछ मैचों से बाहर भी रहना पड़ा था। दरअसल, मार्श के मामले में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और वह पिछले हफ्ते पूरी तरह से ठीक होने के बाद टीम में वापस आ गए थे।

यह मामले यहीं नहीं रुके क्योंकि खिलाड़ियों के अलावा टीम के चार सदस्य भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे और उन्हें आइसोलेशन में रहना पड़ा था। दिल्ली कैपिटल्स खेमे में कई खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव आने के कारण टीम के मैचों का शेड्यूल और वेन्यू में भी बदलाव किया गया था। दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग के परिवार के सदस्य भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिसके बाद पोंटिंग को कुछ कुछ मैचों में टीम के साथ मौजूद नहीं थे।

पॉइंट्स टेबल में नंबर पांच पर है दिल्ली की टीम

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने मौजूदा सीजन में अब तक 10 मैच खेले, जिसमें से 5 में जीत हासिल की है। टीम 10 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर काबिज है. प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए दिल्ली टीम को अब अपने बाकी बचे 4 मैचों में से कम से कम 3 तो हर हाल में जीतना ही होगा।

close whatsapp