विराट कोहली के लिए पंजाब किंग्स का ये स्पेशल पोस्ट सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
आईपीएल 2022 में तीन बार गोल्डन डक पर आउट हो चुके हैं विराट कोहली।
अद्यतन - May 14, 2022 7:21 pm

विराट कोहली मौजूदा आईपीएल 2022 में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिख रहे हैं। एक अर्धशतक और दो 40+ स्कोर को छोड़कर, उन्होंने इस सीजन में तीन गोल्डन डक भी अपने नाम किए हैं, जिनमें से दो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी के आखिरी मैच के दौरान, दिग्गज बल्लेबाज 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए थे।
तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट होने के बाद, कोहली डगआउट में वापस जाते समय काफी ज्यादा निराश और परेशान दिखे। इस बीच पंजाब किंग्स जिन्होंने इस मैच में RCB पर 54 रन की बड़ी जीत के साथ अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है, उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान के लिए एक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर सभी का दिल जीत लिया।
पंजाब किंग्स ने अपने इंस्टाग्राम पर कोहली की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “विराट कोहली, यहां तक की हमने भी आपकी पारी का मजा उठाया। उम्मीद करते हैं कि जल्द ही किस्मत आपके साथ आए।”
यहां देखिए विराट कोहली को लेकर पंजाब किंग्स का वो पोस्ट
आउट होने से पहले तक कोहली क्रीज पर काफी सहज लग रहे थे और इस दौरान उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट्स भी खेले, लेकिन पारी के चौथे ओवर में उन्होंने एक गलत शॉट खेला और राहुल चाहर को कैच थमा दिया। हालांकि उस गेंद पर अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दिया था लेकिन जब पंजाब किंग्स ने रिव्यू लिया तो उसमें साफ़ पता चल रहा था कि गेंद उनके ग्लव्स को लगकर गई है, जिसके बाद अंपायर ने अपने फैसले को बदलते हुए उन्हें आउट करार दिया।
इस बीच, पंजाब किंग्स के खिलाफ मिले बड़े हार से आरसीबी के लिए प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल हो गया है और उन्हें अब अपना आखिरी मैच बड़े अंतर से जीतने की जरूरत है और साथ ही साथ उनको अन्य टीमों के परिणाम पर भी निर्भर होने की जरुरत है। टीम का अगला मुकाबला 19 मई (गुरुवार) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टेबल-टॉपर्स गुजरात टाइटंस के साथ होगा।