पाकिस्तान दौरा रद्द करना पड़ा न्यूजीलैंड को भारी, पीसीबी को देना पड़ा मुआवजा - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तान दौरा रद्द करना पड़ा न्यूजीलैंड को भारी, पीसीबी को देना पड़ा मुआवजा

पिछले साल सितंबर में न्यूज़ीलैंड टीम ने अपनी सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया था।

Ramiz Raja. (Photo Source: Twitter)
Ramiz Raja. (Photo Source: Twitter)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को न्यूज़ीलैंड क्रिकेट (NZC) से पाकिस्तान दौरा रद्द करने के लिए मुआवजा मिला है। बता दें, पिछले साल सितंबर के महीने में न्यूज़ीलैंड टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया था। कीवी टीम पाकिस्तान के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज खेलने के लिए पाकिस्तान दौरे पर गई थी, लेकिन पहले वनडे मैच से ठीक पहले ही न्यूजीलेंड ने खेलने से मना कर दिया था।

हालांकि न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अब मुआवजा दे दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट की माने तो इसमें कीवी टीम की होटल बुकिंग, सुरक्षा, मार्केटिंग और ब्रॉडकास्ट के साथ और भी कई चीजें शामिल है। हालांकि मुआवजे की राशि अभी तक बताई नहीं गई है। न्यूजीलैंड अब तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इस साल के अंत में पाकिस्तान का दौरा करेगी। इसी के साथ अप्रैल 2023 में दोनों टीमों के बीच पांच टी-20 और पांच वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे।

पाकिस्तान इसी साल एक त्रिकोणीय सीरीज भी खेलेगा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी-20 विश्व कप 2022 से पहले बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेलने के न्यूजीलैंड बोर्ड के प्रस्ताव को स्वीकार किया है। मेजबान न्यूजीलैंड ने आईसीसी बैठक के दौरान त्रिकोणीय सीरीज का प्रस्ताव रखा और दोनों देशों ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया। इस सीरीज के जरिए टीमें आगामी वर्ल्ड कप की तैयारी करेंगी।

हालांकि, इंग्लैंड के मैचों की तारीख तय होने के बाद पीसीबी न्यूजीलैंड दौरे की पुष्टि करेगा। इंग्लैंड पाकिस्तान के साथ सात टी-20 मुकाबलों की सीरीज इसी साल अक्टूबर में खेलेगी। पाकिस्तान ने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अप्रैल में खेली थी। इस सीरीज में तीन टेस्ट मुकाबले तीन वनडे मुकाबले और एक टी-20 मुकाबला खेला था।

इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट और टी-20 सीरीज में बाजी मारी। वहीं पाकिस्तान ने वनडे सीरीज अपने नाम किया था। पाकिस्तान को अपना अगला अंतरराष्ट्रीय मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी साल जून में खेलना है। बाबर आजम और उनकी टीम यही चाहेंगे कि वेस्टइंडीज के खिलाफ वो धमाकेदार प्रदर्शन कर सकें।

close whatsapp