आशीष नेहरा की वजह से मैं IPL के वर्तमान सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन कर पाया: हार्दिक पांड्या
हमारे प्रदर्शन में निखार आने का एक सबसे बड़ा कारण हैं आशीष नेहरा: हार्दिक पांड्या
अद्यतन - May 29, 2022 6:14 pm

गुजरात टाइटंस (GT) टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने मुख्य कोच आशीष नेहरा की प्रशंसा की है और कहा है कि उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में आशीष नेहरा का बहुत बड़ा योगदान रहा है। बता दें, गुजरात टीम का यह पहला IPL सीजन है और उन्होंने अपने पहले ही सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। लीग मुकाबलों में गुजरात ने 14 में से 10 में जीत दर्ज की थी और अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर काबिज रहे थे।
यही नहीं क्वालिफायर-1 में राजस्थान रॉयल्स (RR) को हराने के बाद टीम इस सीजन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। अब 29 मई को उनका मुकाबला एक बार फिर से फाइनल में प्रवेश कर चुकी राजस्थान रॉयल्स से है। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस टीम के हेड कोच आशीष नेहरा ने टीम को इस मुकाम में पहुंचाने के लिए खूब मेहनत की है। उनकी प्रशंसा खुद टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने की। इन दोनों की जोड़ी ने इस सीजन में गुजरात को एक नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
मुझे आशीष नेहरा के साथ क्रिकेट के बारे में बात करना काफी अच्छा लगता है: हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने बताया कि उन्होंने और उनके भाई ने सीजन से पहले आपस में बातचीत की थी। उन्होंने आपस में कहा था कि, नेहरा को सभी खिलाड़ियों की ताकत और कमजोरी के बारे में पता है। हार्दिक ने कहा कि उनको आशीष नेहरा का साथ काफी अच्छा लगता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक हार्दिक पांड्या ने कहा कि, सीजन से पहले मैं और मेरा भाई आपस में बातचीत कर रहे थे कि अगर मुझे कोई सबसे ज्यादा समझ सकता है तो वो और कोई नहीं आशीष नेहरा ही हैं। तो मुझे इस वक्त खेलना और उनके साथ समय बिताना काफी अच्छा लग रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि हम दोनों का क्रिकेटिंग दिमाग एक जैसा ही चलता है। वो हमेशा एक-एक करके खिलाड़ियों के पास जाते हैं और उनको उनके मजबूत पक्ष के बारे में बताते हैं साथ ही वो किसी भी खिलाड़ी के ऊपर किसी भी तरह का दबाव नहीं डालते हैं। हमारे प्रदर्शन में निखार आने का एक सबसे बड़ा कारण हैं आशीष नेहरा।