हार्दिक पांड्या की कप्तानी से बाकी कप्तानों को काफी कुछ सीखना चाहिए: गैरी कर्स्टन - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या की कप्तानी से बाकी कप्तानों को काफी कुछ सीखना चाहिए: गैरी कर्स्टन

IPL 2022 सीजन में गुजरात टाइटन्स की टीम ने हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में काफी शानदार खेल दिखाया।

Hardik Pandya and Gary Kirsten. (Photo Source: Twitter)
Hardik Pandya and Gary Kirsten. (Photo Source: Twitter)

गुजरात टाइटंस (GT) टीम के बल्लेबाजी कोच और संरक्षक गैरी कर्स्टन ने टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या की नेतृत्व की प्रशंसा की और कहा कि सभी कप्तानों को हार्दिक की कप्तानी से काफी कुछ सीखना चाहिए। बता दें, 29 मई को IPL 2022 सीजन के खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से मात दी और अपने पहले ही सीजन में IPL ट्रॉफी अपने नाम की।

मेगा ऑक्शन में जब गुजरात टीम से ये ऐलान किया गया था कि टीम की कमान हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है तो सभी लोग आश्चर्यचकित हो गए थे। किसी को उम्मीद नहीं थी कि हार्दिक अपनी कप्तानी से टीम को IPL ट्रॉफी जिताएंगे। ऐसा इसलिए भी था क्योंकि हार्दिक ने इससे पहले कभी भी IPL में किसी फ्रेंचाइजी के लिए कप्तानी नहीं की थी। लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी लोगों को शांत कर दिया। हार्दिक आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

हार्दिक ने हमेशा खुद पर भरोसा किया और अपने सवालों को बिना डर के हम सबके सामने रखा: गैरी कर्स्टन

हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन और उनकी कप्तानी को लेकर कर्स्टन ने क्रिकबज में कहा कि, उनकी कप्तानी काफी सराहनीय थी और सभी कप्तानों के लिए एक सबक था। उन्होंने कुछ अलग करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने हमेशा खुद पर भरोसा किया और अपने सवालों को बिना डर के हम सबके सामने रखा। उनका प्रदर्शन भी काफी बेहतरीन था। उनको अपने खिलाड़ियों पर विश्वास था और सभी खिलाड़ियों ने उनके विश्वास को कभी नहीं छोड़ा।

बता दें, लीग मुकाबलों के अंत तक गुजरात टाइटंस ने 14 मुकाबलों में 10 में जीत दर्ज की थी और मात्र 4 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उनके प्रदर्शन को देखते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में उनकी भारतीय टीम में वापसी हुई है।

उन्होंने आईपीएल 2022 में अपने बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव किया था। उन्होंने नंबर-3 और नंबर-4 पर आकर टीम के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेली।

कर्स्टन ने आगे कहा कि, अगर आईपीएल के पिछले संस्करणों को देखा जाए तो हार्दिक ने अधिकतर नंबर-6 या 7 पर आकर बल्लेबाजी की है। लेकिन इस सीजन में उन्होंने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया और नंबर-3 और 4 में आकर टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। हार्दिक ने एक कप्तान और एक खिलाड़ी के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है। हार्दिक ने IPL 2022 में 487 रन बनाए थे।

डेविड मिलर ने भी टीम की जीत में अहम योगदान दिया है: गैरी कर्स्टन

काफी लंबे समय के बाद IPL 2022 में डेविड मिलर ने धमाकेदार वापसी की। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में उतरकर टीम के लिए तेजी से रन बनाए थे और 2-3 मुकाबलों में अपने दम पर टीम को जीत दिलाई थी। मिलर पिछले कुछ आईपीएल संस्करणों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे जिसकी वजह से उनके चयन को लेकर भी सवाल उठे थे लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी का मुंह बंद कर दिया।

मिलर को लेकर कर्स्टन ने कहा कि, हमें पहले से ही मालूम था कि अगर हम मिलर को सही तरीके से खिलाए तो वो हमारी टीम के लिए काफी अहम बल्लेबाज बनकर सामने आ सकते हैं और उन्होंने वैसा ही किया। हम सब जानते हैं कि मिलर कितने आक्रमक बल्लेबाज हैं। उनके पास मुकाबले को बदलने की क्षमता है। मिलर ने इस संस्करण में 68.71 के औसत और 142.73 के स्ट्राइक रेट से 481 रन बनाए थे।

close whatsapp