राफेल नडाल की खेल भावना को देख गद-गद हुए सचिन तेंदुलकर और रवि शास्त्री
फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल के दौरान नडाल के खिलाफ खेलते हुए अलेक्जेंडर ज्वेरेव के टखने में चोट लग गई थी।
अद्यतन - Jun 4, 2022 3:11 pm

राफेल नडाल और अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच फ्रेंच ओपन का बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल निराशाजनक तरीके से समाप्त हुआ। दरअसल मैच के दूसरे सेट के 12वें गेम के दौरान ज्वेरेव को टखने में भयानक चोट लगी, जिसके बाद उन्हें व्हीलचेयर पर कोर्ट से बाहर ले जाना पड़ा और इस वजह से खेल को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा था।
ज्वेरेव ने पहले सेट में शानदार मुकाबला किया लेकिन पहले सेट के टाईब्रेकर में खेल हार गए क्योंकि नडाल ने उन्हें पछाड़ दिया। दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और वो मैच 6-6 पर समाप्त होने के बाद दोनों के बीच एक और टाईब्रेकर हुआ। मैच के तीसरे घंटे के 13वें मिनट में, ज्वेरेव ने बैकहैंड तक पहुंचने की कोशिश की और इस दौरान उनका टखना चोटिल हो गया।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर सनसनी मच गई और फैंस ने ज्वेरेव की चोट और इस बड़े मुकाबले में उनके दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बाहर निकलने पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। ज्वेरेव को इस तरह मैच से बाहर होते देख फैंस निराश दिखे, लेकिन उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी के प्रति सहानुभूति व्यक्त करने के लिए नडाल की सराहना की। इस बीच सचिन तेंदुलकर और रवि शास्त्री ने भी 21 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन की सराहना की।
ज्वेरेव जब मैच छोड़कर बाहर जा रहे थे तो उस समय नडाल भी उनके साथ चल रहे थे। नडाल के इस स्पेशल जेस्चर को देख ‘क्रिकेट के भगवान’ भी काफी प्रभावित हुए। तेंदुलकर ने नडाल की खेल भावना की जमकर सराहना की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘नडाल द्वारा दिखाई गई विनम्रता और चिंता ही उन्हें इतना महान और खास बनाती है।’
यहां देखिए सचिन तेंदुलकर का वो ट्वीट
The humility and concern shown by Nadal is what makes him so special.#RolandGarros pic.twitter.com/t7ZE6wpi47
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) June 3, 2022
वहीं, टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने लिखा, ‘यही कारण है कि खेल आपको रुला देता है। ज्वेरेव आप वापसी करेंगे। राफेल नडाल की खेल भावना, विनम्रता, शानदार और सम्मानजनक।’
This is why sport can make you cry. You will be back @AlexZverev. @RafaelNadal – Sportsmanship, humility. Just brilliant and respect 🙏🙏🙏 #FrenchOpen2022 #RolandGarros pic.twitter.com/n5JFNFK7r1
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) June 3, 2022
इस बीच फ्रेंच ओपन के फाइनल में जब राफेल नडाल कैस्पर रूड का सामना करेंगे तो उनका लक्ष्य 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का होगा। साथ ही यह उनका 14वां फ्रेंच ओपन फाइनल होगा।