आखिर कब तक विराट के नाम पर अपनी दुकान चलाएंगे सलमान बट?
आईपीएल 2022 में भी विराट कोहली नहीं कर पाए थे अच्छा प्रदर्शन।
अद्यतन - जून 8, 2022 6:03 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट का मानना है कि विराट कोहली ने अपना स्टैंडर्ड इतना ज्यादा बढ़ा लिया है कि, लोग उनके द्वारा बनाए गए अर्धशतक को भी नजरअंदाज कर देते हैं। पिछले कुछ महीनों में कोहली के फॉर्म में काफी गिरावट देखने को मिली है। साल 2019 के बाद से विराट कोहली के बल्ले से एक भी अर्धशतक देखने को नहीं मिला है।
हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2022 में भी उनका प्रदर्शन औसत दर्जे का था और वह पूरे टूर्नामेंट में तीन बार गोल्डन डक के लिए आउट हुए थे, और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का प्रतिनिधित्व करते हुए खेले गए 16 मैचों में केवल दो अर्धशतक बनाने में सफल रहे। वह आईपीएल की शुरुआत से ही RCB के साथ हैं, और यह उनके लिए यह सीजन भूलने योग्य था।
सलमान बट को है भरोसा, जल्द ही विराट कोहली करेंगे टीम में वापसी
इस बीच सलमान बट ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि, “जो लोग खेल को समझते हैं वे जानते हैं कि कोहली अपने आप में एक संस्था है। जिस तरह से उन्होंने प्रदर्शन किया है और एक एथलीट के रूप में, एक बल्लेबाज के रूप में और एक कप्तान के रूप में खुद को एक आदर्श के रूप में तराशा है वो वाकई में शानदार है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “विराट ने अपने लिए स्टैंडर्ड काफी हाई सेट किए हैं। वह पिछले 14 मैचों में 8 फिफ्टी लगा चुके हैं, जिस पर किसी का ध्यान नहीं गया। लोगों का मानना है कि वह फॉर्म में नहीं हैं क्योंकि उन्हें शतक बनाने की आदत हो गई है। सलमान ने यह भी कहा कि, विराट कोहली क्रिकेट की भलाई के लिए फॉर्म में वापसी करेंगे।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट का यह भी मानना है कि दुनिया के टॉप खिलाड़ियों को फॉर्म में बने रहने की जरूरत है। क्योंकि नए और युवा क्रिकेटर सीनियर क्रिकेटरों को अपना आदर्श मानते हैं। इस प्रकार उनके फॉर्म में बने रहने की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।