युजवेंद्र चहल से नहीं पूरा करवाया चार ओवर का कोटा, तो आशीष नेहरा ने साधा द्रविड़ पर निशाना - क्रिकट्रैकर हिंदी

युजवेंद्र चहल से नहीं पूरा करवाया चार ओवर का कोटा, तो आशीष नेहरा ने साधा द्रविड़ पर निशाना

पहले टी-20 मैच में युजवेंद्र चहल ने सिर्फ दो ओवर गेंदबाजी की थी।

Ashish Nehra & Yuzvendra Chahal (Photo Source: Twitter)
Ashish Nehra & Yuzvendra Chahal (Photo Source: Twitter)

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में टीम इंडिया के कप्तान ऋषभ पंत ने युजवेंद्र चहल को सिर्फ दो ओवर गेंदबाजी करने का मौका दिया, उनके इस फैसले से पूर्व गेंदबाज आशीष नेहरा काफी हैरान हुए हैं। लेग स्पिनर ने 9 जून को दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले T20I में अपने 2.1 ओवर में 26 रन दिए। इस मैच में उन्होंने पावरप्ले में अपना पहला ओवर डाला और चहल ने अपने पहले ही ओवर में 16 रन दिए।

वहीं अपने दूसरे ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ छह रन दिए। लेकिन इसके बावजूद मैच में उन्हें आखिरी ओवर में जाकर गेंदबाजी मिली। बीच के ओवरों में विकेट नहीं ले पाने की वजह से भारतीय टीम को काफी नुकसान हुआ। इसी का फायदा उठाते हुए अफ्रीकी बल्लेबाज रैसी वैन डेर डूसन और डेविड मिलर ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 131 रन की साझेदारी की।

यह मेरे लिए बहुत आश्चर्य की बात है कि चहल जैसे गेंदबाज ने आज केवल 2 ओवर फेंके- आशीष नेहरा

इस बीच कप्तान पंत के इस फैसले पर हैरानी जताते हुए आशीष नेहरा ने क्रिकबज के शो पर कहा कि, “ऋषभ पंत एक युवा कप्तान है, वह सीखेगा और उम्मीद है कि वह बेहतर होगा। अब अगर द्रविड़ को लगता है कि चहल को एक ओवर फेंकना चाहिए, तो जाहिर तौर पर एक संदेश भेजा जा सकता था। उन्हें चीजों को सरल रखना होगा और सक्रिय रहना होगा।”

उन्होंने आगे कहा कि, “यह मेरे लिए बहुत आश्चर्य की बात है कि चहल जैसे गेंदबाज ने आज केवल 2 ओवर फेंके। उसे वैन डेर डूसन-मिलर की जोड़ी को गेंदबाजी करनी चाहिए थी, खासकर उस फेज में जब दक्षिण अफ्रीका मैच में थोड़ा पीछे था। ऋषभ पंत ने निश्चित रूप से वहां पर एक गलती की।”

आपको बता दें कि, पावरप्ले में सिर्फ भुवनेश्वर कुमार ने दो ओवर फेंके। वहीं युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या और हर्षल पटेल को एक-एक ओवर दिया गया।  उस छह ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट के नुकासन पर 61 रन बनाए।

close whatsapp