जहीर खान का मानना दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में उमरान मलिक कर सकते हैं डेब्यू
जहीर खान को लगता है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले तीसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम उमरान मलिक को मौका दे सकती है।
अद्यतन - जून 13, 2022 4:29 अपराह्न

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को लगता है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले तीसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम उमरान मलिक को मौका दे सकती है। तीसरा मुकाबला 14 जून को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। बता दें कि उमरान मलिक का प्रदर्शन IPL 2022 में कमाल का रहा था। उन्होंने अपनी घातक तेज गेंदबाजी से सभी को काफी प्रभावित किया था। साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से खेलते हुए उन्होंने इस सीजन में कुल 22 विकेट लिए थे।
जहीर खान को लगता है कि भारत को इस सीरीज में एक अधिक तेज गेंदबाज की जरूरत है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि मलिक ने IPL 2022 में डेविड मिलर को राउंड द विकेट आकर बोल्ड किया था और उनका विकेट अपने नाम किया था।
क्रिकबज से बातचीत के दौरान जहीर खान ने कहा, ‘अगले मैच की उम्मीदें उमरान मलिक की ओर जा रही है। अधिक गति मददगार साबित हो सकती है। हमने IPL 2022 में भी देखा कि मलिक ने डेविड मिलर का विकेट अपने नाम किया था। मुझे लगता है कि भारत को उन्हें अगले मैच में जरूर मौका देना चाहिए।
मुझे टीम में एक बदलाव जरूर दिख रहा है: जहीर खान
जहीर खान को लगता है कि विशाखापट्टनम के एसीए- वीडीसीए स्टेडियम की बाउंड्री काफी छोटी है, जिसकी वजह से स्पिनरों को काफी समस्या हो सकती है। इसी वजह से टीम से एक स्पिनर को हटाया जा सकता है और उनकी जगह एक तेज गेंदबाज को टीम में शामिल किया जा सकता है। बता दें कि मलिक ने इस IPL 2022 में सीजन की दूसरी सबसे तेज गेंद फेंकी थी।
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा, ‘ये मुकाबला देखने लायक रहेगा। उन्हें मार भी पड़ सकती है, लेकिन उनको खिलाना टीम का एक्स-फैक्टर रहेगा। उनकी गेंदबाजी दक्षिण अफ्रीका के कुछ ही खिलाड़ियों ने खेली है, जिसकी वजह से उनको मौका दिया जा सकता है। साथ ही ग्राउंड काफी छोटा है इसलिए एक तेज गेंदबाज का टीम में शामिल होना बेहद जरूरी होगा।
उमरान मलिक ने पूरे टूर्नामेंट में 150 किमी प्रति घंटे से अधिक गति से गेंदबाजी की थी। उन्होंने कुल 14 मुकाबलों में 22 विकेट झटके थे, जिसमें गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 25 रन देकर 5 विकेट भी शामिल है।