इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद न्यूजीलैंड को लगा एक और बड़ा झटका; काइल जैमीसन लौटेंगे स्वदेश
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला हेडिंग्ले में 23 जून से खेला जाएगा।
अद्यतन - Jun 15, 2022 5:22 pm

इंग्लैंड दौरे पर न्यूजीलैंड की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही है। एक तरफ न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम लगातार दो टेस्ट मैच हार चुकी हैं, वहीं दूसरी ओर आए दिन कोई न कोई स्टार खिलाड़ी कीवी टीम से बाहर हो रहा है।
14 जून को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हाथों पांच विकेट की हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही कीवी टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज मेजबान टीम को गवां चुकी है, और इस सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला हेडिंग्ले में 23 जून से खेला जाएगा।
इस बीच, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को एक और बड़े झटके का सामना करना पड़ा है, क्योंकि उनके स्टार तेज गेंदबाज काइल जैमीसन हाल ही में समाप्त हुए दूसरे टेस्ट के दौरान चोटिल होने के बाद तीसरे और अंतिम टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
काइल जैमीसन की स्वदेश वापसी हुई तय
काइल जैमीसन को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन गेंदबाजी करते समय पीठ के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और फिर वह दोबारा मैदान में न गेंदबाजी और ना ही बल्लेबाजी करने लौटे। आपको बता दें, स्टार गेंदबाज ने दूसरे टेस्ट मैच में केवल 16.3 ओवर फेंके और उनकी अनुपस्थिति कीवी टीम पर बहुत भारी पड़ी, क्योंकि इंग्लैंड ने जॉनी बेयरस्टो के दूसरी पारी में शानदार शतक के बदौलत दूसरा मैच पांच विकेट से जीतकर घरेलू सीरीज अपने नाम कर ली।
इस बीच, अब एमआरआई स्कैन से पता चला है कि काइल जैमीसन की पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रैस रिएक्शन हुआ है, जिसने उन्हें तीसरे टेस्ट बाहर कर दिया है, और अब वह न्यूजीलैंड वापस लौटेंगे। नतीजन, ब्लेयर टिकर को जैमीसन के प्रतिस्थापन के रूप में कीवी टीम में शामिल किया गया है। वह जल्द इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेंगे।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा कि काइल जैमीसन को इस चोट से उबरने के लिए चार से छह सप्ताह आराम करने की जरूरत है, जिसके बाद ही वह अपना रिहैब शुरू कर सकते है, जिसे देखते हुए वह सितंबर या अक्टूबर के पहले क्रिकेट के मैदान में वापसी नहीं कर पाएंगे।