आयरलैंड दौरे के लिए बीसीसीआई लगातार बढ़ा रहा है कोचिंग स्टाफ
भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को दो T20I मैच खेले जाएंगे।
अद्यतन - जून 26, 2022 1:53 अपराह्न

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा दो मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए वीवीएस लक्ष्मण के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ के साथ आयरलैंड दौरे पर जाएंगे। चेतन शर्मा ने 1983 से 1994 तक 23 टेस्ट मैचों और 65 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, और दिसंबर 2020 में उन्हें भारत की चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
आपको बता दें, भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को हाल ही में आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का कप्तान नियुक्त किया गया, जबकि एनसीए (NCA) प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण 26 जून से डबलिन में शुरू होने वाले दौरे पर टीम के मुख्य कोच होंगे। लक्ष्मण के अलावा, एनसीए (NCA) के अन्य कोच सीतांशु कोटक, साईराज बहुतुले और मुनीश बाली भी भारतीय टीम की मदद के लिए आयरलैंड की यात्रा करेंगे।
चेतन शर्मा टीम इंडिया के साथ आयरलैंड का दौरा करेंगे
इस बीच, टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, चेतन शर्मा भी आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे। इसके अलावा, यह भी खबर आई है कि सह-चयनकर्ता और भारत के पूर्व स्पिनर सुनील जोशी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम के साथ काम कर रहे हैं।
राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने आयरलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टीम में केवल एक नए चेहरे को शामिल किया है, और वह राहुल त्रिपाठी हैं। त्रिपाठी को पिछले कुछ आईपीएल (IPL) सीजनों में बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन ने टीम इंडिया में वापसी की है। अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक को भी आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई है।
आयरलैंड दौरे के लिए भारत की T20I टीम पर डालिए नजर –
हार्दिक पांड्या (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार (उप-कप्तान), ईशान किशन, रुतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, हर्षल पटेल, अवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक