रणजी ट्रॉफी फाइनल: MP के गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन, मुंबई ने गंवाए पांच विकेट
फाइनल मुकाबले की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने खेली शानदार पारी।
अद्यतन - जून 22, 2022 5:58 अपराह्न

रणजी ट्रॉफी 2021-22 सीजन का फाइनल मुकाबला मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच खेला जा रहा है। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडिमय में हो रहा है। फाइनल मुकाबले में मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मध्य प्रदेश की टीम 88 सालों में दूसरी बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। रणजी ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन मुंबई ने पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाए।
मुंबई के लिए यशस्वी जायसवाल ने की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को उनके सलामी बल्लेबाजों द्वारा शानदार शुरुआत मिली। कप्तान पृथ्वी शॉ और यशस्वी जायसवाल के बीच 87 रनों की साझेदारी हुई। टीम को पहला झटका पृथ्वी शॉ के रूप में लगा जो 47 रन बनाकर आउट हुए और अपने अर्धशतक से चूक गए।
इसके बाद अरमान जाफर और जायसवाल के बीच 33 रनों की छोटी सी साझेदारी हुई। जाफर यहां कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और 26 रन बनाकर आउट हुए। वहीं सुवेद पारकर भी 18 रन बनाकर चलते बने। हालांकि एक छोर पर जहां लगातार विकेट गिर रहे थे वहीं दूसरे छोर पर यशस्वी जायसवाल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अपने शतक के करीब पहुंचते हुए दिखाई दे रहे थे। लेकिन 78 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर वो भी आउट हो गए।
उनके आउट होने के बाद मुंबई की टीम बीच मंझदार में फंसती हुई दिखाई दे रही थी। जायसवाल के बाद हार्दिक तमोरे भी 24 रन बनाकर चलते बने। लेकिन इसके बाद सरफराज खान और शम्स मुलानी ने पारी को संभाला और टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। वहीं दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई की टीम 90 ओवर्स में पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन बना चुकी थी।
अनुभव अग्रवाल और सारांश जैन ने की शानदार गेंदबाजी
पहले दिन के खेल खत्म होने के बाद अगर हम ये कहें कि मुंबई के खिलाफ मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की तो ये कहना शायद गलत नहीं होगा। मध्यप्रदेश की तरफ से अनुभव अग्रवाल को दो- दो विकेट मिला। वहीं कुमार कार्तिकेय ने एक विकेट अपने नाम किया।