TNPL 2022 में होने जा रही मुरली विजय की वापसी, रूबी त्रिची वॉरियर्स की तरफ से खेलते हुए आएंगे नजर
मुरली विजय TNPL के इस सीजन में रूबी त्रिची वॉरियर्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे।
अद्यतन - Jun 24, 2022 1:21 pm

23 जून से तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) 2022 की शुरुआत हो चुकी है। पहला मुकाबला ही काफी धमाकेदार रहा था। इसी के साथ इस लीग का दूसरा मुकाबला 24 जून को रूबी त्रिची वारियर्स और डिंडीगुल ड्रैगंस के बीच तिरुनेलवेली में खेला जाएगा।
तमाम क्रिकेट प्रशंसकों को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार रहेगा क्योंकि इस मुकाबले में मुरली विजय 2 साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रहे हैं। वो इस सीजन में रूबी त्रिची वारियर्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें, विजय ने अपना आखिरी मुकाबला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेला था। इसके बाद उन्होंने थोड़े समय के लिए क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था और अब वो एक बार फिर से जबरदस्त वापसी करने को तैयार हैं।
मुझे अपने परिवार वालों के साथ थोड़ा समय व्यतीत करना था: मुरली विजय
इस हफ्ते की शुरुआत में विजय ने TNPL के एक इवेंट में कहा था कि, ‘जितना संभव हो सकता है, मैं उतने लंबे समय के लिए खेलना चाहता हूं। बस मैंने एक व्यक्तिगत ब्रेक लिया था। मुझे अपने परिवार वालों के साथ थोड़ा समय व्यतीत करना था। मुझे क्रिकेट खेलना पसंद है और अब मैं पूरी तरह से फिट हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर पाऊंगा।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘मेरे लिए व्यक्तिगत तौर में यह काफी मुश्किल था। मैं खेलना चाहता था लेकिन मुझे काफी चोट आई थी जिससे मुझे उबरना था साथ ही मेरे निजी जीवन की गाड़ी भी काफी तेज चल रही थी। मैं बस उसे थोड़ा धीरे करना चाहता था और ये देखना चाहता था कि मैं अकेले दम पर उस समय कहां खड़ा हूं। बस इसी वजह से मैंने ब्रेक लिया था। TNCA ने मेरी परेशानियों को समझा और मुझे बहुत ही बेहतरीन प्लेटफार्म दिया कि मैं जबरदस्त वापसी कर पाऊं। मैं उनका धन्यवाद देना चाहूंगा।
2 साल का ब्रेक खुद को समझने के लिए लिया था: मुरली विजय
मुरली विजय ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2018-19 के बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इस सीरीज में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से मात दी थी। तमिलनाडु के लिए उन्होंने आखिरी मुकाबला दिसंबर 2019 में रणजी ट्रॉफी में खेला था।
मुरली विजय ने आगे कहा कि, ‘2 साल का ब्रेक मैंने इसलिए भी लिया था कि मैं अपनी कमियों को समझ सकूं और उसको ठीक कर सकूं। शायद भारतीय टीम में मैं वापसी भी कर पाऊं। लेकिन अभी मैं इन सब चीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं। मुझे बस क्रिकेट खेलना है क्योंकि मुझे यह काफी अच्छा लगता है।
TNPL एक ऐसा मंच है जिसमें तमिलनाडु के तमाम युवा क्रिकेटर अपने प्रदर्शन को दुनिया के सामने रख सकते हैं और काफी ऊपर तक जा सकते हैं। इस लीग ने तमाम युवा क्रिकेटरों को अपनी-अपनी पहचान दी है।