शाकिब अल हसन ने फिर की क्रिकेट से ब्रेक की मांग; जानिए BCB की प्रतिक्रिया
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच 2 जुलाई से 3 T20I और 3 ODI मैच खेले जाएंगे।
अद्यतन - जून 30, 2022 11:04 पूर्वाह्न

बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान शाकिब अल हसन वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से चूक सकते है। आपको बता दें, बांग्लादेश क्रिकेट टीम को हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
अब दोनों टीमों के बीच 2 जुलाई से तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जानी है। यह तीन मुकाबले 2, 3 और 7 जुलाई को गुयाना में खेले जाएंगे। इस टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बाद बांग्लादेश और वेस्टइंडीज तीन मैचों की वनडे सीरीज में भिड़ेंगे, जो 10, 13 और 16 जुलाई को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इस बीच, शाकिब अल हसन टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हिस्सा लेंगे, लेकिन वह वनडे सीरीज से चूक सकते हैं, क्योंकि यह सीरीज आईसीसी सुपर लीग का हिस्सा नहीं है। बाएं-हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम को कथित तौर पर अनुभवी ऑलराउंडर के प्रतिस्थापन के रूप में वनडे टीम में शामिल किया जा सकता है।
शाकिब अल हसन को वनडे सीरीज के लिए मिलेगा ब्रेक
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष नजमुल हसन ने संवाददाताओं से कहा: “वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से पहले शाकिब ने कहा था कि वह केवल वनडे और T20I मैच खेलेंगे। लेकिन फिर मेरे साथ बैठक के बाद शाकिब ने टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए मंजूरी दें दी और बाद में उन्हें हमारा टेस्ट कप्तान बनाया गया। मुझे पता लगा है कि उन्होंने जलाल भाई (बीसीबी के क्रिकेट संचालन अध्यक्ष) से कहा कि वह वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं लेना चाहते हैं, जो उन्होंने पहले भी कहा था। लेकिन उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर ये बात नहीं कही है।”
नजमुल हसन ने आगे बताया: “मैं जल्द से जल्द शाकिब से इस मामले में बात करूंगा, क्योंकि उन्होने आधिकारिक तौर पर वनडे सीरीज से बाहर होने के बारे में बीसीबी से बात नहीं की है। लेकिन हां, आप सभी इसे अनौपचारिक मान सकते हैं क्योंकि उन्होंने हमें अपने फैसले के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था। अगर सीनियर खिलाड़ी उन मैचों में ब्रेक लेना चाहते हैं, जो आईसीसी इवेंट्स (आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे सुपर लीग) का हिस्सा नहीं हैं, तो यह हमारे लिए अच्छा है। इससे हमें नए क्रिकेटरों को परखने का मौका मिलेगा और हम देख सकते हैं कि हमारी टीम में वे फिट बैठते हैं या नहीं।”