रिपोर्ट्स: वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में तमाम दिग्गज खिलाड़ियों की होगी वापसी, विराट कोहली को दिया जा सकता है आराम - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिपोर्ट्स: वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में तमाम दिग्गज खिलाड़ियों की होगी वापसी, विराट कोहली को दिया जा सकता है आराम

विराट कोहली वेस्टइंडीज दौरे में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे क्योंकि ऐसा कहा गया है कि उन्होंने इस दौरे से आराम मांगा है।

Team India (Photo source: Twitter/BCCI)
Team India (Photo source: Twitter/BCCI)

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मुकाबलों की एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है। अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने इस टीम की घोषणा की है। वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम के तमाम सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है और इस सीरीज के लिए शिखर धवन को कप्तानी का जिम्मा दिया गया है। हालांकि वनडे सीरीज के बाद शुरू होने वाली 5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज के लिए भारत की पूरी मजबूत टीम को खिलाया जाएगा।

बता दें, 7 जुलाई से इंग्लैंड बनाम भारत की टी-20 सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। इस सीरीज में 3 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे और भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा को सौंपी गई है।

क्रिकबज के मुताबिक, 22 जुलाई से भारत के वेस्ट इंडीज दौरे की शुरुआत होगी। पहले तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे और उसके बाद 5 टी-20 मुकाबले होंगे। वहीं भारत का इंग्लैंड दौरा 17 जुलाई को संपन्न होगा। इंग्लैंड दौरे में तीन टी-20 मुकाबलों के बाद तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।

रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या वेस्टइंडीज दौरे के लिए वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। हालांकि टी-20 सीरीज में इन सभी खिलाड़ियों की वापसी हो सकती है। विराट कोहली वेस्टइंडीज दौरे में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे क्योंकि ऐसा कहा गया है कि उन्होंने इस दौरे से आराम मांगा है।

इस समय भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी परेशानी विराट कोहली का फॉर्म है क्योंकि इस साल अक्टूबर-नवंबर महीने में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 टूर्नामेंट खेला जाना है और विराट कोहली टीम के महत्वपूर्ण बल्लेबाज साबित हो सकते हैं।

रविचंद्रन अश्विन की वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज में हो सकती है वापसी

आशंका लगाई जा रही है कि चयनकर्ता रविचंद्रन अश्विन को वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज के लिए टीम में जगह दे सकते हैं। बता दें, रविचंद्रन अश्विन पिछले 7 महीने से टीम से बाहर रहे हैं।

ऐसा लगने लगा था कि अब उनकी टीम में वापसी होना काफी मुश्किल है लेकिन जबसे राहुल द्रविड़ को हेड कोच का पद नियुक्त किया गया है और रोहित शर्मा भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं तो अश्विन की वापसी टीम में हो सकती है।

साथ ही रविचंद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी टीम के मुख्य स्पिनर साबित हो सकते हैं। IPL 2022 में रविचंद्रन अश्विन ने गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी से भी टीम के लिए महत्वपूर्ण प्रदर्शन किया था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) की तरफ से खेलते हुए कई मुकाबलों में महत्वपूर्ण रन बनाए थे और टीम को जीत दिलाई थी।

close whatsapp