इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में शानदार जीत के बाद बतौर कप्तान रोहित शर्मा के नाम जुड़ा यह खास रिकॉर्ड - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में शानदार जीत के बाद बतौर कप्तान रोहित शर्मा के नाम जुड़ा यह खास रिकॉर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में रोहित शर्मा ने अपनी 24 रनों की छोटी पारी से भी टीम को एक तेज शुरुआत देने का काम किया था।

Rohit Sharma. (Photo by Gareth Copley/Getty Images)
Rohit Sharma. (Photo by Gareth Copley/Getty Images)

इंग्लैंड और भारत के बीच में 7 जुलाई को 3 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला साउथैम्पटन के रोसबाउल मैदान पर खेला गया। जिसमें भारतीय टीम की तरफ से बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। जिसमें भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जहां 198 रन बनाए वहीं इसके बाद उन्होंने मैच को 50 रनों से अपने नाम करते हुए इस सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

वहीं इस मैच में जीत के साथ भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने एक विश्व रिकॉर्ड भी बना दिया है। जिसमें टीम ने उनकी कप्तानी में खेले गए पिछले 13 टी-20 मैचों में लगातार जीत हासिल की है। अब ऐसा करने वाले रोहित शर्मा पहले कप्तान बन गए हैं। बता दें कि इससे पहले कोरोना संक्रमित होने की वजह से रोहित शर्मा पुनर्निधारित 5वें टेस्ट मैच में नहीं खेल सके थे।

टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के खत्म होने के बाद विराट कोहली की जगह पर टीम के लिमिटेड ओवर्स कप्तान के तौर पर नियुक्त किए गए रोहित शर्मा ने अब तक अपनी जिम्मेदारी को काफी शानदार तरीके से निभाया है। जिसमें टीम ने उनके नेतृत्व में एक भी टी-20 मैच अब तक हार का सामना नहीं किया है। रोहित से पहले अफगानिस्तान टीम के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने अपने नेतृत्व में टीम को 12 टी-20 मैच में लगातार जीत दिलाई थी, जिसको रोहित शर्मा ने अब तोड़ दिया है।

बता दें कि अभी तक रोहित शर्मा ने भारतीय टीम के लिए 29 मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी निभाई है, जिसमें से टीम को 25 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है। वहीं रोहित अब तीसरे ऐसे भारतीय कप्तान बन चुके हैं, जिनके नाम पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान 1,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है। वहीं इस मामलें में रोहित ने बाकी 2 कप्तानों के मुकाबलों में सबसे तेजी के साथ इस मुकाम को हासिल किया है।

हार्दिक पांड्या का दिखा बल्ले और गेंद से कमाल

पहले टी-20 मैच को लेकर बात की जाए तो भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 198 रन बनाते हुए मेजबान इंग्लैंड की टीम को साफतौर पर दबाव में ला दिया था। जिसमें भारतीय टीम की तरफ से बल्ले से ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का कमाल देखने को मिला जिन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय का पहला अर्धशतक लगाते हुए टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका भी अदा की।

वहीं इसके बाद हार्दिक का गेंद से भी कमाल देखने को मिला जो भारतीय टीम के लिए काफी राहत भरी बात कही जा सकती है, जिसमें उन्होंने 4 अहम विकेट अपने नाम किए थे। इसी के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय के एक मैच में अर्धशतक लगाने के साथ 4 विकेट हासिल करने वाले हार्दिक पांड्या पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

close whatsapp