इस समय वर्ल्ड क्रिकेट में युजवेंद्र चहल से बेहतर स्पिनर कोई दूसरा नहीं है – ग्रीम स्वान
युजवेंद्र चहल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में से एक है। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में जबरदस्त गेंदबाजी की है: ग्रीम स्वान
अद्यतन - Jul 8, 2022 6:38 pm

इंग्लैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर ग्रीम स्वान ने युजवेंद्र चहल को ‘इस समय का दुनिया का सर्वश्रेष्ठ स्पिनर’ कहा है खासतौर पर टी-20 प्रारूप में। बता दें, 7 जुलाई को खेले जा चुके इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में चहल ने 4 ओवरों में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे। उनकी इस बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने यह मुकाबला 50 रनों से अपने नाम किया।
सोनी स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान स्वान ने कहा कि, ‘युजवेंद्र चहल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में से एक है। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में जबरदस्त गेंदबाजी की है। आपने इस मुकाबले में भी देखा कि बाकी सब स्पिनर्स ने काफी मार खाई थी लेकिन चहल ने काफी अच्छी गेंदबाजी की।
स्वान ने आगे कहा कि, ‘IPL में भी आप देख सकते हैं कि उन्होंने कई मुकाबलों में सिर्फ अपनी गेंदबाजी के दमपर टीम को जीत दिलाई है। मैंने खुद देखा है कि उनकी गेंदबाजी पहले से काफी अच्छी हो गई है। उनको अपनी गेंदबाजी में काफी कंट्रोल है।
स्वान ने चहल की तारीफ करते हुए आगे कहा कि, ‘मैं कभी भी आश्चर्यचकित नहीं होता जब वह अच्छी गेंदबाजी करते हैं। साउथैम्पटन का मैदान काफी बड़ा है और उन्होंने यहां भी दिखाया कि उनकी गेंदबाजी में कितनी स्थिरता है। वो काफी कंट्रोल से गेंदबाजी करते हैं।
युजवेंद्र चहल स्टंप्स में काफी गेंदबाजी कर रहे हैं: अजीत अगरकर
अजीत अगरकर ने भी युजवेंद्र चहल की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि, ‘चहल के अंदर जबसे आत्मविश्वास आ गया है तबसे वो स्टंप्स पर ज्यादा गेंदें करने लगे हैं। बीच में वो धीमी गेंदों का प्रयोग ज्यादा करने लगे थे जिसमें बल्लेबाज आगे बढ़कर उन्हें बाउंड्री जड़ रहे थे। लेकिन अब वो स्टंप्स में ही गेंदें करने लगे हैं।
Excellent start to the T20I series with an all-round effort. Terrific vibe in Southampton yesterday. Headed to Birmingham next! 🚌 #TeamIndia 🇮🇳 pic.twitter.com/kGtzWZMnqw
— Yuzvendra Chahal (@yuzi_chahal) July 8, 2022
बता दें, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा चुकी सीरीज में युजवेंद्र चहल ने शुरुआती दो टी-20 मुकाबलों में काफी निराशाजनक गेंदबाजी की थी। हालांकि उन्होंने तीसरे और चौथे मुकाबले में जबरदस्त वापसी की थी और टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया था।
युजवेंद्र चहल पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के मुख्य स्पिनर रहे हैं। आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 टूर्नामेंट में चहल भारतीय टीम के लिए मुख्य गेंदबाज साबित होंगे।