‘मुझे कभी नहीं लगा कि मेरा करियर….’- चोट के बाद अपनी वापसी को लेकर बोले भुवनेश्वर
दूसरे टी-20 मैच में भुवनेश्वर कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था।
अद्यतन - Jul 10, 2022 3:11 pm

टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी के बदौलत ही भारतीय टीम दोनों टी-20 मैचों में जीत दर्ज करने में कामयाब हो पाई है। अब तो दोनों ही मुकाबलों में वो इंग्लिश कप्तान जोस बटलर को आउट कर चुके हैं।
इस बीच, भुवनेश्वर, जो पिछले कुछ वर्षों में फिटनेस मुद्दों के कारण टीम से अंदर बाहर होते रहे हैं, उन्होंने बताया कि कैसे वह बार-बार अपनी चोट से उबर पाने में सफल हुए। यूपी के क्रिकेटर को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आईपीएल 2020 से बाहर होना पड़ा था और फिर आईपीएल 2021 के पहले हाफ में वो चोटिल होने की वजह से बाहर थे। इसके बाद वो 2021 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर रहे थे।
मैं लगातार अपनी फिटनेस पर काम कर रहा था- भुवनेश्वर कुमार
इस बीच इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच के बाद रिपोर्टर्स से बात करते हुए भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि, “चोटिल होने के बाद मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरा करियर यहां खत्म हो गया है, लेकिन हां, मैं फिजियो, प्रशिक्षकों के साथ सम्पर्क में था और अपना काम कर रहा था।
और निश्चित रूप से, जब आप खेल से बाहर होते हैं तो आप कभी भी टीम में चयन को लेकरआश्वस्त नहीं होते हैं। आप बस थोड़ा निराश महसूस करते हैं, लेकिन आप वापस आना चाहते हैं। और सौभाग्य से मुझे पता है कि मैं वापस आया और मैं फिर से भारत के लिए खेल रहा हूं।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में, भुवनेश्वर ने तीन ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए, जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और इस जीत के बाद भारत ने इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली।
भुवी ने पहले मैच में भी एक प्रभावशाली स्पेल फेंका था, वहां उन्होंने तीन ओवर में 10 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था। हालांकि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भुवनेश्वर 10 जुलाई रविवार को ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में तीसरे और अंतिम मैच में किस तरह की गेंदबाजी करते हैं।