कपिल देव के बाद अब वेंकटेश प्रसाद ने भी की विराट को टी-20 टीम से ड्रॉप करने की मांग
साल 2019 के बाद से विराट कोहली के बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला है।
अद्यतन - जुलाई 11, 2022 11:05 पूर्वाह्न

टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि एक समय था जब खिलाड़ियों को रेप्युटेशन पर नहीं बल्कि फॉर्म के आधार पर टीम में रखा जाता था। अगर कोई खिलाड़ी फॉर्म में नहीं होता था तो उन्हें तुरंत ही टीम से बाहर कर दिया जाता था। वेंकटेश प्रसाद ने कहा है कि इस समय फॉर्म से बाहर रहने वाले खिलाड़ी को आराम दिया जा रहा है।
वेंकटेश प्रसाद ने साधा विराट कोहली पर निशाना
दरअसल हाल ही में वेंकटेश प्रसाद ने एक के बाद एक लगातार दो ट्वीट किए। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, “एक समय था जब आप फॉर्म से बाहर होते थे तो प्रतिष्ठा की परवाह किए बिना आपको बाहर कर दिया जाता था। सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, जहीर खान और हरभजन सिंह जैसे सभी खिलाड़ियों को फॉर्म में नहीं होने पर बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की है, रन बनाए और फिर से टीम इंडिया में वापसी की।”
पूर्व गेंदबाज ने आगे कहा कि, “लगता है कि मानदंड अब काफी बदल गए हैं, जहां आउट ऑफ फॉर्म होने के लिए आराम है। यह प्रगति का कोई रास्ता नहीं है। देश में इतनी प्रतिभा है तो आप अपनी प्रतिष्ठा से नहीं खेल सकते। भारत के महानतम मैच-विजेताओं में से एक, अनिल कुंबले कई मौकों पर बाहर बैठे। कुछ बड़ा हासिल करने के लिए एक्शन की जरूरत है।” इस बयान से वेंकटेश अय्यर का निशाना विराट कोहली पर था।
यहां देखिए वेंकटेश वेंकटेश प्रसाद का वो ट्वीट
There was a time when you were out of form, you would be dropped irrespective of reputation. Sourav, Sehwag,Yuvraj,Zaheer, Bhajji all have been dropped when not in form. They have went back to domestic cricket, scored runs and staged a comeback. The yardsticks seem to have 1/2
— Venkatesh Prasad (@venkateshprasad) July 10, 2022
Changed drastically now, where there is rest for being out of form. This is no way for progress. There is so much talent in the country and cannot play on reputation. One of India’s greatest match-winner, Anil Kumble sat out on so many ocassions, need action’s for the larger good
— Venkatesh Prasad (@venkateshprasad) July 10, 2022
आपको बता दें कि, विराट कोहली को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए आराम दिया गया था और अब उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया था। हालांकि इस बीच वेंकटेश प्रसाद का मानना है कि उन्हें आराम नहीं दिया जाना चाहिए, बल्कि ड्रॉप किया जाना चाहिए, ताकि वे घरेलू क्रिकेट खेलें और फिर भारतीय टीम में वापसी करें।
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा। टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में विराट कोहली 1 रन बनाकर आउट हुए, वहीं आखिरी मैच में वो सिर्फ 11 रन बनाने में कामयाब हो पाए थे। इससे पहले पांचवें रिशेड्यूल टेस्ट मैच में भी विराट कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे।