पहले वनडे में इंग्लैंड पर बड़ी जीत के बाद भारत ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में पाकिस्तान को पछाड़ा
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 14 जुलाई को खेला जाना है।
अद्यतन - Jul 13, 2022 1:25 pm

भारत ने 12 जुलाई को खेले गए पहले वनडे मैच में इंग्लैंड को 10 विकेट से मात देकर जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-0 से बढ़त हासिल की और साथ ही आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति में सुधार भी किया। इंग्लैंड पर इस बड़ी जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान को पछाड़ कर आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है, जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम चौथे स्थान पर खिसक गई है।
इंग्लैंड बनाम भारत मैच से पहले भारत 105 अंकों के साथ आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में चौथे स्थान पर था, जबकि पाकिस्तान तीसरे स्थान पर काबिज था।लेकिन इंग्लैंड पर जोरदार जीत के बाद टीम इंडिया 108 अंको के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब 106 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
भारत के पास आईसीसी वनडे रैंकिंग में अपनी स्थिति बरकरार रखने का है सुनहरा मौका
न्यूजीलैंड 126 अंकों के साथ आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर है, जबकि वर्ल्ड कप चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम 122 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत और इंग्लैंड के बीच दो और वनडे मैच खेले जाने हैं, और इन मैचों के परिणाम आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में दोनों टीमों की स्थिति को प्रभावित कर सकते है।
वहीं दूसरी ओर, भारत के पास इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने और रैंकिंग में अपना स्थान बरकरार रखने और अपनी स्थिति में सुधार करने का अच्छा मौका है, क्योंकि पाकिस्तान अगले महीने नीदरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार है।
अगर मैच की बात करे तो जसप्रीत बुमराह के छह विकेट हॉल के बदलौत भारत ने इंग्लैंड को 110 रनों पर समेट कर रख दिया, वहीं रोहित शर्मा की 76* रनों की पारी ने मेहमान टीम को 10 विकेट की आसान जीत दिला दी। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जुलाई को खेला जाना है, जबकि तीसरा और अंतिम मैच 17 जुलाई को खेला जाएगा।