भारत के खिलाफ आगामी 3 मैचों की वनडे सीरीज को लेकर वेस्टइंडीज ने अपनी 13 सदस्यीय टीम का किया ऐलान
एंडरसन फिलिप और रोमारियो शेफर्ड को वेस्टइंडीज की टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - जुलाई 17, 2022 11:16 अपराह्न

वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ 22 जुलाई से शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज को लेकर 17 जुलाई की शाम को अपनी 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। जिसमें इस टीम में बांग्लादेश के खिलाफ खत्म हुई वनडे सीरीज से बाहर रहने वाले पूर्व कप्तान जेसन होल्डर की टीम में वापसी देखने को मिली जिनको आराम दिया गया था। बांग्लादेश के खिलाफ निकोलस पूरन की कप्तानी वाली टीम को 3-0 से सीरीज का सामना करना पड़ा जिसके बाद उन्हें भारत के खिलाफ सीरीज में अब खुद को साबित करना आसान काम नहीं होने वाला है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज की टीम के बल्लेबाजों की तरफ से काफी निराशाजनक प्रदर्शन देखने को मिला। जिसके चलते टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। हालांकि अब कप्तान निकोलस पूरन और टीम के उप-कप्तान साई होप को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में बल्ले से बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
इसके अलावा टीम में जेसन होल्डर की वापसी से भी मजबूती मिलेगी जो गेंद के साथ बल्ले से भी अहम भूमिका अदा करते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा वेस्टइंडीज की टीम में अन्य बदलाव को लेकर बात की जाए तो एंडरसन फिलिप और रोमारियो शेफर्ड को बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
मुख्य चयनकर्ता हेंस को भरोसा टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी
भारत के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज को लेकर 13 सदस्यीय टीम का ऐलान करने के साथ क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य चयनकर्ता डेसमंड हेंस ने भरोसा जताया है कि होल्डर की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी। जिसमें उनकी तरफ से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा कि, हम सभी जानते हैं कि जेसन कितने शानदार ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं और उनकी वापसी से जरूर टीम को मजबूती मिलेगी। इससे टीम का संतुलन भी अब पहले से बेहतर दिखाई देगा।
वेस्टइंडीज की टीम:
निकोसल पूरन (कप्तान), साई होप (उप-कप्तान), शामराह ब्रुक्स, केसी कार्टी, जेसन होल्डर, अकील हुसैन, अल्जारी हुसैन, ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, रोवमन पॉवेल, जायडन सील्स।
रिजर्व – रोमारियो शेफर्ड, हेडन वॉल्श जूनियर।