‘वो सबसे महान खिलाड़ियों में से एक के रूप में जाने जाएंगे’- विराट की तारीफ में बोले बेन स्टोक्स
स्टोक्स ने अपना आखिरी वनडे मैच डरहम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला।
अद्यतन - जुलाई 20, 2022 12:19 अपराह्न

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने हाल ही में वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। इसके बाद उनको एकदिवसीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए दुनिया भर से प्रशंसा मिली। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से अपने फैंस को इस खबर की जानकारी दी और यहां तक कि विराट कोहली ने भी इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इंग्लिश ऑलराउंडर ने चोट की चिंताओं और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों के कारण क्रिकेट से पांच महीने के ब्रेक के बाद 2021-22 एशेज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। इसके बाद जब जो रूट ने टेस्ट टीम की कमान छोड़ी, तो उन्हें टीम के नए कप्तान के रूप में नियुक्त किया गया। बतौर टेस्ट कप्तान उन्होंने अभी तक कुल 4 मैच खेले हैं और चारों में जीत दर्ज की है।
उन्होंने अपने अंतिम वनडे मैच से पहले ब्रॉडकास्टर के साथ एक लंबी बातचीत की और इस दौरान खेल में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली की टिप्पणी का भी जिक्र किया। न्यूजीलैंड में जन्मे इस क्रिकेटर ने खुलासा किया कि उन्हें विराट कोहली के खिलाफ खेलना पसंद था, विशेष रूप से उस ऊर्जा के कारण जो वह खेल में लाते हैं, जिससे लोगों को पता चलता है कि इस तरह के शीर्ष स्तर पर खेलने का क्या मतलब है।
बेन स्टोक्स ने जमकर की विराट कोहली की तारीफ
आखिरी वनडे मैच से पहले बात करते हुए विराट कोहली को लेकर बेन स्टोक्स ने कहा कि, “सुनकर अच्छा लगा। वह सभी प्रारूपों में अब तक के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक के रूप में जाने-जाने वाले हैं। जब भी मैंने उनके खिलाफ खेला है, मैंने उन्हें हर बार पसंद किया है।
वह जो ऊर्जा और प्रतिबद्धता देते हैं, उसकी मैंने हमेशा प्रशंसा की है। जब आप ऐसे लोगों के खिलाफ खेलते हैं तो आप समझते हैं कि शीर्ष स्तर पर इसका क्या मतलब होता है। उम्मीद है आगे भी हम एक-दूसरे के खिलाफ खड़े होंगे।”
आपको बता दें कि, विराट कोहली ने भी स्टोक्स को रिटायरमेंट की बधाई दी थी और लिखा था कि, ‘आप सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं जिनके खिलाफ मैंने कभी खेला है। सम्मान।’