चेतन सकारिया और मुकेश चौधरी जल्द भरेंगे ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान! जानिए क्या है पूरा माजरा
टी-20 मैक्स सीरीज 18 अगस्त से 4 सितंबर तक ब्रिस्बेन में खेली जानी है।
अद्यतन - Jul 22, 2022 6:12 pm

भारतीय तेज गेंदबाज चेतन सकारिया और मुकेश चौधरी अगले महीने ब्रिस्बेन में खेले जाने वाले क्वींसलैंड के टी-20 मैक्स सीरीज के पहले संस्करण में हिस्सा लेंगे। आपको बता दें, टी-20 मैक्स सीरीज 18 अगस्त से 4 सितंबर तक ब्रिस्बेन में खेली जानी है, जिसका फाइनल एलन बॉर्डर फील्ड में खेला जाएगा।
एमआरएफ पेस फाउंडेशन और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच एक एक्सचेंज इनिशिएटिव के हिस्से के रूप में, चेतन सकारिया और मुकेश चौधरी टी-20 मैक्स सीरीज में भाग लेने के साथ-साथ बूपा नेशनल क्रिकेट सेंटर में प्रशिक्षण लेंगे और साथ ही क्वींसलैंड बुल्स की प्री-सीजन तैयारियों का भी हिस्सा होंगे। सकारिया आगामी टी-20 मैक्स सीरीज में सनशाइन कोस्ट के लिए खेलेंगे, जबकि मुकेश चौधरी विन्नम-मैनली का प्रतिनिधित्व करेंगे।
क्वींसलैंड की टी-20 मैक्स सीरीज में खेलेंगे चेतन सकारिया और मुकेश चौधरी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक बयान में कहा: “एमआरएफ पेस फाउंडेशन और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच खिलाड़ी और कोचिंग का आदान-प्रदान लगभग 20 वर्षों से चल रहा है, जिसमें दो भारतीय खिलाड़ी COVID-19 के कारण बाधित हुई इस पहल को फिर से शुरू कर रहे हैं।”
इस बीच, क्वींसलैंड क्रिकेट ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर इस बारे में आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा: “आईपीएल के दो तेज गेंदबाजों को केएफसी टी-20 मैक्स के लिए साइन किया गया है। दिल्ली कैपिटल्स के चेतन सकारिया ने 41 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें भारत के लिए एक वनडे और दो T20I मैच शामिल हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के मुकेश चौधरी ने 25 टी-20 मैच खेले हैं और 32 विकेट लिए हैं।”
HUGE! Two IPL quicks have signed for KFC T20 Max! 🇮🇳@Sakariya55 from @DelhiCapitals has played 41 T20s, including an ODI and T20Is for India.
Mukesh Choudhary from @ChennaiIPL has played 25 T20s and claimed 32 scalps.
Details 👉https://t.co/VsEWnb6eCg#T20Max pic.twitter.com/Nu6Fis7HWH
— Queensland Cricket (@qldcricket) July 22, 2022
आपको बता दें, चेतन सकारिया ने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ वनडे और T20I डेब्यू किया था, जबकि चौधरी ने अभी तक भारत के लिए डेब्यू नहीं किया है, लेकिन आईपीएल 2022 में अपने प्रदर्शन से काफी सुर्खियां बटोरीं है, जहां उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए 13 मैचों में 16 विकेट लिए।
सकारिया और चौधरी दोनों के पास गेंद को बेहतर तरीके से संभालने की क्षमता है, जो इस सीरीज में उनकी टीमों के लिए मददगार होगी, लकिन उन्हें ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों की अलग-अलग पिचों की गति और उछाल के अनुसार अपनी लाइन और लेंथ में बदलाव करना होगा।